India Pakistan Cricket: भारत के उफान में उड़ गयी पाकिस्तान की पतवार
India Pakistan Cricket: हमारे लिए मानों अब जाकर विश्वकप का आगाज हुआ है। अहमदाबाद के जिस नरेन्द्र मोदी स्टेडियम में क्रिकेट विश्वकप के फीके उद्घाटन की सोशल मीडिया और राजनीति में काफी आलोचना हुई, शनिवार को इसी स्टेडियम में उमड़ी भीड़ ने उन सभी आलोचनाओं को बेमतलब साबित कर दिया। देश के गृहमंत्री अमित शाह भी उन हजारों लोगों का हिस्सा थे जो भारत पाकिस्तान की भिड़ंत देखने और भारतीय टीम का उत्साह बढाने पहुंचे थे।
स्टेडियम में गूंज रहे नारे बता रहे थे कि एक लाख से ज्यादा दर्शकों का पूरा पैसा वसूल हो गया है, "जीतेगा भाई जीतेगा" या "पाकिस्तान तुम आगे बढ़ो हम तुम्हारे साथ हैं, तुम हमारे बच्चे हो हम तुम्हारे बाप हैं" ये वो नारे थे, जो स्टेडियम मे मौजूद दर्शको के अलावा तकरीबन ढाई करोड़ से ज्यादा दर्शक जो टीवी पर देख रहे थे, उनके भी मन में जोश पैदा कर रहे थे। वैसे भी भारत पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच सिर्फ खेल नहीं होता, बल्कि वो दोनों देशों के टकराव और गौरव का मामला होता है। शनिवार को अहमदाबाद के स्टेडियम में भले ही इस टकराव के रोमांच से दर्शक दो चार न हो पायें हो लेकिन जय श्री राम से लेकर वन्दे मातरम् तक उन्होंने स्टेडियम को भारतीयता से जरूर भर दिया।

वैसे भी वनडे मैच जीतने के कुछ लक्षण होते हैं, जिस तरह से रोहित शर्मा ने मैच की पहली ही गेंद पर आगे निकलते हुए शाहिन आफरीदी की गेंद पर चौका जड़ दिया और फिर शुभमन गिल ने अपने पहले वर्ल्ड कप की पहली ही गेंद पर शानदार कवर ड्राइव लगा कर गेंद बाउंड्री के बाहर भेजी, ये बताने के लिये काफी था कि मैच कौन सी टीम जीतेगी। ऐसा आम तौर पर नही होता। खिलाड़ी अपने प्रदर्शन के बारे में सोचते हैं।
लेकिन भारतीय टीम ने जैसा आगाज किया यही कुछ संकेत होते हैं जो किसी भी टीम के खिलाड़ी की मनस्थिति बताते हैं। अहमदाबाद में लोग नवरात्रि के आगमन की तैयारी के मूड में थे, भारतीय टीम ने उनको वो तोहफा दे दिया, जो पूरे नौ दिन तक चलेगा। विश्वकप में भारत ने पाकिस्तान से अब तक ना हारने के अपने रिकार्ड को बरकरार रखा।
इससे पहले टॉस जीत कर भारत ने गेंदबाजी को चुना। पाकिस्तान ने शुरूआत तो ठीक करी, लेकिन बाबर आज़म को मोहम्मद सिराज ने बोल्ड क्या किया मानों पूरी पाकिस्तानी टीम ही बिखर गयी। वो गेंद कमाल की थी। मोहम्मद सिराज ने कप्तान रोहित शर्मा से पूछकर क्रास सीम से बॉल डाली और वो गेंद स्किड करते हुए बाबर आजम की अपेक्षा से ज्यादा तेज आयी और बाबर आज़म की गिल्लियां बिखर गयी।
बाबर के बाद पाकिस्तान की पारी ताश के पत्तों की तरह बिखर गयी। सिराज के बाद बुमराह ने काम तमाम कर दिया। उनकी गेंद ना तो रिजवान को समझ आयी और ना ही शादाब को। शादाब तो आउट होने के बाद पूरी तरह भौच्चके दिखायी दिये। पिच में जान थी, इसलिए भारतीय गेंदबाज़ कहर बनते दिखायी दे रहे थे। वहीं पाकिस्तानी गेंदबाज दबाव में नज़र आये, रोहित ने आते ही उनके पांव उखाड़ दिये। रोहित ने खुद माना कि गेंदबाजों ने भारत को मैच जिता दिया, क्योंकि भारतीय कप्तान मान कर चल रहे थे कि पिच बल्लेबाज़ों के माफिक है और पाकिस्तान 280 के आसपास का स्कोर बना सकता है। परन्तु सिराज, बुमराह, पांड्या और कुलदीप ने बाज़ी पलट दी।
भारतीयों का जीतने का जज़्बा पहले से दिखायी दे रहा था। हार्दिक पांड्या का वो ओवर जिसमें वो गेंद डालने से पहले गेंद में मंत्र फूंकते दिखायी दिये। उनका मंत्र काम कर गया और खतरनाक दिख रहे इमाम उल हक के बल्ले का बाहरी किनारा लगा और गेंद केएल राहुल के दस्तानों में आ गयी। मैच के बाद कमेंटरी कर रहे गौतम गंभीर और इरफान पठान ने उनसे खूब मज़े लिये।
पाकिस्तान का 191 पर सिमट जाना जीत की आधी गांरटी था, बाकी काम रोहित ने आते ही कर दिया। वनडे क्रिकेट में कहा जाता है "मारे सो मीर", यानी जिसने पहले चढ़ कर खेल दिखा दिया, वही जीत का परचम लहराता है। रोहित ने आफरीदी की पहली बाल पर ही चौका मार दिया तो, शुभमन गिल ने भी पहली गेंद पर चौका मार दिया। दोनों ने दर्शको का खूब मनोरंजन किया, खासकर रोहित शर्मा ने। रवि शास्त्री ने तो उनकी तारीफ में यहां तक कह दिया कि यदि दुनिया में इस वक्त कोई भी कप्तान विश्व कप ट्रॉफी को सबसे ज्यादा डिजर्व करता है तो वह रोहित शर्मा ही है।
दिल्ली में अफगानिस्तान के खिलाफ शानदार शतक लगाने के बाद रोहित शनिवार को पूरी तरह फार्म में थे और लग रहा कि इस पारी में भी शतक जड़ देंगे लेकिन दुर्भाग्यवश 86 के स्कोर पर शाहीन आफरीदी की बॉल उनके बल्ले के निचले हिस्से में आयी और वह कैच आउट हो गए, पूरा स्टेडियम उनका शतक ना बन पाने से दुखी दिखाई दे रहा था।
विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ एक कप्तान के तौर पर सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड भी रोहित शर्मा ने अपने नाम दर्ज कर लिया है। भारत का अगला मैच बांग्लादेश के साथ है, आखिरी चार में पहुंचने के लिए अभी तीन मैच जीतना और बाकी है। लेकिन जिस फार्म में भारतीय टीम लग रही है, उससे जीत की संभावना काफी बढ़ गयी है।
(इस लेख में लेखक ने अपने निजी विचार व्यक्त किए हैं। लेख में प्रस्तुत किसी भी विचार एवं जानकारी के प्रति Oneindia उत्तरदायी नहीं है।)












Click it and Unblock the Notifications