Thank You for Coming: लव, सेक्स और दर्शकों के साथ धोखा
Thank You for Coming: पिछले कुछ सालों से ये ट्रेंड देखने में आ रहा है कि एक तरफ तो साउथ की ऐसी फिल्में आ रही हैं कि मुंबई के फिल्मी दिग्गजों को कुछ समझ नहीं आ रहा है तो स्त्री पुरुष सम्बंधों या देह से जुड़े किसी विषय पर फिल्म लेकर आ जाते हैं। जैसे हाल के वर्षों में विकी डोनर, खानदानी शफाखाना, समलैंगिक सम्बंधों पर आधारित डुन्नो ना जाने क्यों जैसी तमाम फिल्में रिलीज हुईं। उससे पहले ऐसी फिल्में कम ही आती थीं, जैसे फायर, आस्था, मंडी आदि। हालांकि राजकपूर अपनी एंटरटेनमेंट मूवीज जैसे सत्यम शिवम सुंदरम, मेरा नाम जोकर, राम तेरी गंगा मैली जैसी फिल्मों में कुछ प्रयोग करते रहे लेकिन वो भी उन दिनों में ऐसा कुछ करने की हिम्मत नहीं जुटा पाए, जो हिम्मत आज भूमि पेडनेकर ने दिखाई है।
भूमि ने कुछ समय पहले अपनी फिल्म का पोस्टर शेयर किया था जिसमें वो बहुत कामुक अंदाज में नजर आयी थीं। अब उनकी उसी फिल्म, 'थैंक यू फॉर कमिंग' का ट्रेलर भी रिलीज हो गया है। ट्रेलर देखकर साफ पता चलता है कि फिल्म पूरी तरह से महिलाओं की दुनिया में 'चरमसुख' के अंदाज में झांकने का प्रयास है। इसके लिए जहां पारिवारिक माहौल दिखाया गया है वहीं चरमसुख जैसे विषयों को पुरुषों की बजाय महिलाओं के दृष्टिकोण से देखने का प्रयास किया गया है।

ये मूवी 6 अक्टूबर को रिलीज होने जा रही है जिसे डायरेक्ट किया है अनिल कपूर की छोटी बेटी रेहा कपूर के पति करण बुलानी ने। फिल्म का ट्रेलर देखकर साफ समझ में आ रहा है कि यह सेक्स कॉमेडी हो सकती है। इसके लिए हॉलीवुड स्टाइल में कुछ बेडरूम सीन भी डाले गये हैं जिसे देखकर आगे की कल्पना दर्शक खुद कर लेंगे। ट्रेलर में एक डॉयलॉग है कि दुनिया में 70 फीसदी महिलाओं को अपने पूरे जीवन में आर्गैज़्म (चरमसुख) ही नहीं होता क्योंकि 90 प्रतिशत मर्दों को सेक्स करना ही नहीं आता।
2018 में कियारा आडवाणी 'लस्ट स्टोरीज' में सेक्स टॉय वाला सीन करके रातोंरात चर्चा में आ गईं थी। इसी मूवी में कियारा का विकी के साथ गिनती गिनने वाला सीन काफी वायरल हो गया था। उसी तरह का एक सीन 'वीरे दी वैडिंग' का स्वरा भास्कर का भी काफी वायरल हो गया था। शायद ये फॉर्मूला भी है, जब कोई फॉर्मूला ना बचे तो इसे आजमाओ। करण जौहर की वैसी भी इमेज शादी वाली रोमांटिक फिल्मों की थी, ऐसे में 'लस्ट स्टोरीज' की एक स्टोरी उन्होंने क्या डायरेक्ट की, एकदम से मूवी चर्चा में आ गई। लस्ट स्टोरीज की एक स्टोरी में भूमि ने भी बोल्ड रोल किया था। इसके पार्ट 2 में काजोल, नीना गुप्ता और तमन्ना भाटिया भी हाल ही में काम कर चुकी हैं।
करण जौहर जैसा ही मामला एकता कपूर का था। एकता ने भी यही फॉर्मूला आजमाया। यानि अपनी सीरियल वाली स्थापित इमेज से एकदम विपरीत जाकर 2010 में 'लव सेक्स एंड धोखा' जैसी फिल्म बना डाली। फॉर्मूला एक बार चला तो फिर तो लाइन लग गई। एक के बाद एक ऐसी बोल्ड फिल्म आने लगी। रागिनी एमएमएस, डर्टी पिक्चर, क्या कूल हैं हम जैसी सेक्स कॉमेडी सीरीज, ग्रैंड मस्ती, वीरे दी वेडिंग। इनमें से कई फिल्में तो सीरीज बन चुकी हैं। गंदी बात, ट्रिपल एक्स जैसी वेबसीरीज भी उन्होंने बनाई और इन सबसे लगता है कि पीढ़ियों तक के लिए एकता कपूर ने सीजन और अगले पार्ट बनाने का सेक्स फॉर्मूला बिजनेस खड़ा कर दिया है।
एकता कपूर की थोड़ी बहुत आलोचना होती भी है, तो वो कुछ दिलचस्प से जवाब देकर निकल जाती हैं। हालांकि उन्होंने एक अक्लमंदी बस ये की है कि 'ओह माई गॉड2' की तरह सेक्स से जुड़े मुद्दों को धार्मिक मामलों से थोड़ा सा दूर रखा, इसलिए धार्मिक राजनीतिक संगठनों के निशाने पर नहीं आईं। लेकिन बकरे की मां कब तक खैर मनाती? जब उन्होंने 'एक्सएक्सएक्स' के लिए कलाकारों के साथ न्यूडिटी कांट्रेक्ट साइन किया, उसके बाद उन्होंने एक फौजी की पत्नी के अवैध रिश्तों की स्टोरी दिखा दी। लोग आक्रोशित हो गए कि फौज को तो कम से कम छोड़ दो। सुप्रीम कोर्ट तक ने एकता कपूर के लिए कह दिया कि, "युवा पीढ़ी के दिमागों को प्रदूषित कर रही हैं"। आखिरकार कुछ सीन हटाने पड़ गए, आर्मी से माफी मांगनी पड़ गई।
बावजूद इसके जब कोई फॉर्मूला मुंबई फिल्म इंडस्ट्री का काम नहीं आता, उनके पास यही एक फॉर्मूला रह जाता है। 'ओह माई गॉड2' में यूं कोई जरूरत नहीं थी महादेव के अवतार की, लेकिन उसे डाला गया। इतना ही नहीं जातिवाद, तमाम तरह के विकृत डायलॉग्स, मंदिर के पुजारी को गलत तौर पर शुरूआत में प्रस्तुत करना, गुप्त रोग विशेषज्ञ की क्लीनिक पर कुछ फूहड़ सीन सब डाले, क्योंकि मुख्य उद्देश्य तो फिल्म को सुपरहिट करके पैसा कमाना होता है। वो तो सेंसर बोर्ड ने काफी हद तक मूवी को अगंभीर बनाने वाले सारे सींस हटा दिए। ऐसे में तमाम विरोधों के बावजूद इस फिल्म को जरूरी बताने वाला तबका भी था, जिसके चलते फिल्म 100 करोड़ पार हो गई।
'ओह माई गॉड2' की कामयाबी ही थी कि बाहुबली, पुष्पा, केजीएफ, कांतारा और आरआरआर जैसी साउथ की फिल्मों के सामने पिटे बॉलीवुड ने सेक्सुअल कंटेंट वाली डब्बे में बंद हो गई कई फिल्मों पर फिर से काम शुरू कर दिया। 'थैंक यू फॉर कमिंग' में अनिल कपूर के साथ साथ एकता कपूर ने भी पैसा लगाया है। इसके बाद एकता कपूर जल्द कोई और बड़ा ऐलान कर सकती हैं। हालांकि उनकी हालिया रिलीज 'गर्लफ्रेंड 2' में भी कई ऐसे सीन हैं, जिनके चलते लोग अपने बच्चों को लेकर सिनेमा हॉल में नहीं गए।
लव और सेक्स से जुड़ी फिल्में एक खास वर्ग को आकर्षित तो करती हैं लेकिन एक बड़े दर्शक वर्ग के साथ धोखा भी होता है जो अपने परिवार और बच्चों के साथ ऐसी फिल्मों को देखने से कतराते हैं। थैक्यू फॉर कमिंग जिस पारिवारिक परिवेश में सेक्स टैबू को तोड़ने का नाम ले रही है वह सिर्फ टैबू भर तो नहीं है। उसके पीछे मान मर्यादा और लोकलाज का आवरण भी है। इसलिए फिल्म कुंठाओं से भरे लोगों को भले ही आकर्षित कर ले लेकिन दर्शकों के बहुत बड़े वर्ग तक पहुंचेगी इसकी उम्मीद कम ही है।
(इस लेख में लेखक ने अपने निजी विचार व्यक्त किए हैं। लेख में प्रस्तुत किसी भी विचार एवं जानकारी के प्रति Oneindia उत्तरदायी नहीं है।)












Click it and Unblock the Notifications