Bollywood and Ram: रामनाम की लूट में बॉलीवुड न जाए छूट

Bollywood and Ram: आप हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के जितने भी बड़े सितारों को जानते हैं, उन सबकी फिल्मों का इतिहास पढ़ लीजिए। किसी भी बड़े चेहरे ने कभी कोई पौराणिक किरदार तो दूर राम या कृष्ण का भी कभी रोल नहीं निभाया।

ram mandir inauguration Bollywood connection with lord Ram

केवल जितेन्द्र ने 'लवकुश' फिल्म में भगवान राम का रोल किया था, जयाप्रदा सीता बनीं थीं।

लेकिन एनटीआर ने कई फिल्मों में ना केवल राम का रोल किया बल्कि और भी पौराणिक किरदार निभाए। ऐसे में सोचिए मोदी राज में आईं रामसेतु और आदिपुरुष को छोड़ दिया जाए, तो भगवान राम पर कोई फिल्म बनाना नहीं चाहता। यहां तक कि जब बाबरी विवाद चल रहा था, तब भी फिल्मी दुनिया से कोई आवाज राम के लिए नहीं उठती थी, लेकिन आज देखिए, रोज खबरें आ रही हैं कि बॉलीवुड से किस किस को निमंत्रण मिला है, और जिसको मिला है, वो सोशल मीडिया पर शेयर कर रहा है और जिसको नहीं मिला है, वो सरकारी अमले में अपने परिचितों के फोन घुमा रहा है।

आजादी से पहले जो फिल्में बन रही थीं, अंग्रेजों को उनसे बस इतना लेना देना था कि ब्रिटिश राज के खिलाफ ना हों। ऐसे में दादा साहेब फाल्के जैसे तमाम दिग्गजों ने पौराणिक विषयों को उठाया और लोगों में अन्याय के खिलाफ जंग लड़ने की प्रेरणा दी। शुरुआती सिनेमा हिंदी का हो, साइलेंट हो या दक्षिण की भाषाओं का, रामायण से जुड़े कई विषयों या प्रसंगों पर फिल्में बनाई गईं। शुरुआत दादा साहेब फाल्के ने 'लंका दहन' से की, राम और सीता दोनों के रोल अन्ना सालुंके ने ही किए। खास बात थी कि ये फिल्में चलती बहुत थी। लंका दहन की कमाई का पैसा बैलगाड़ियों में भरकर आता था।

लेकिन आजादी के बाद जैसे ही नेहरू राज आया, अब फिल्मवालों पर अलग तरह की नकेल कसनी शुरू हो गई। फिल्म जगत पर वामपंथ हावी हो गया और पौराणिक किरदारों पर बनने वाली फिल्मों में लोग काम करने से कतराने लगे। अब फिल्में आईं मदर इंडिया, दो बीघा जमीन, मुगले आजम आदि। यहां तक कि महाराणा प्रताप पर भी आखिरी फिल्म 1961 में ही आई थी। शिवाजी पर तो आजादी के बाद कोई बड़ी फिल्म बनी ही नहीं।

लेकिन पौराणिक विषयों के दर्शक खत्म नहीं हुए थे, सनातन धर्म भारत की नस नस में घुसा है। डायरेक्टर विजय शर्मा ने पत्नी के आग्रह पर पांच लाख खर्च करके 'जय संतोषी मां' फिल्म बनाई, पहले दिन बस 56 रुपए कमाए, बाद में कमाई पांच करोड़ तक पहुंची। ऐसा नहीं था कि इसके बाद राम, कृष्ण पर फिल्मों की बाढ़ आ जाती। लेकिन टीवी के आगमन ने खेल बदल दिया। रामानंद सागर के सीरियल 'रामायण' टीवी जगत का सबसे चर्चित धारावाहिक बन गया। आदिपुरुष से पहले रामायण पर कुल 48 फिल्में आ चुकी हैं, लेकिन तब तक प्रभास जैसा बड़ा हीरो कभी राम के रोल के लिए सामने नहीं आया था।

अब खेल बदल चुका है, जो अनुराग कश्यप या अनुभव सिन्हा लगातार अपनी फिल्मों में आतंक के लिए बाबरी कांड को दोषी ठहराने में लगे थे, अब खामोश हैं, जबकि उनकी फेवरेट हीरोइन तापसी पन्नू अयोध्या केस में सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर खुशी में ट्वीट कर रही थीं। फरहान अख्तर जैसे लोगों ने भी ट्वीट किया कि फैसले की रेस्पेक्ट करनी चाहिए और इस मुद्दे को भूल जाना चाहिए।

अब आज का दौर देखिए, ये राजनीति का मोदी युग है। राम के खिलाफ बोलने वाले अब नजर नहीं आएंगे बल्कि रोज नई खबरें आ रही हैं कि रणवीर कपूर और आलिया भट्ट राम सीता के रोल में नजर आएंगे। आरआरआर में वैसे भी रामचरण और आलिया राम सीता के रोल में दिख ही चुके हैं। इतना ही नहीं अब हर कोई प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम के लिए स्पेशल भजन बना रहा है। अनु मलिक के बाद कैलाश खेर, मनोज तिवारी, सुरेश वाडेकर अपने भजन लेकर आ गए हैं तो टी सीरीज पूरे अयोध्या विवाद पर सीरीज लेकर आ गया है। वहीं गीतकार नीलेश मिश्रा ने डीडी के लिए अपनी कहानियों की सीरीज रामायण पर ही बना दी है, जिसका शूट वो अयोध्या में ही कर रहे हैं।

अमिताभ बच्चन ने अयोध्या के अभिनंदन लोढ़ा प्रोजेक्ट में अपने घर के लिए एक जमीन भी खरीद ली है। टीवी के राम अरुण गोविल जोकि दशकों तक संघ व बीजेपी के विरोधी रहे और कांग्रेस कैम्प में रहे, उनको भी 22 जनवरी का निमंत्रण मिला है। उनका भी एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो सीता (दीपिका चिखलिया) और लक्ष्मण (सुनील) के साथ अयोध्या की सड़कों पर लोगों का अभिवादन लेते हुए दिख रहे हैं।

प्राण प्रतिष्ठा की धूम को फिल्म इंडस्ट्री से जुड़ा हर कोई कैश करना चाहता है जिसमें भोजपुरी इंडस्ट्री भी पीछे नहीं। गुरूवार को ही खेसारी लाल यादव की मूवी 'रंग दे बसंती' का गाना 'रामजी की जय, हनुमानजी की जय' जो दलेर मेंहदी की आवाज में है, बाबा बागेश्वर धाम ने रिलीज किया है। जबकि उनकी आने वाली मूवी 'राजाराम' में खेसारी खुद राम के रोल में नजर आएंगे।

अरुण गोविल भी एक मूवी लेकर आ रहे हैं, जिसका टाइटिल है '695'। इस मूवी में अरुण गोविल एक ऐसे साधु की भूमिका में नजर आएंगे, जिसने अपना पूरा जीवन राम मंदिर बनने के इंतजार में बिता दिया। ये टाइटिल दरअसल तीन तारीखें बताता है, 695 का '6' बताता है 6 दिसम्बर 1992 की बाबरी ढांचे को तोड़ने की कहानी, तो '9' बताता है 9 नवम्बर 2019 का सुप्रीम कोर्ट का फैसला और '5' बताता है 5 अगस्त 2020 की कहानी, जिस दिन पीएम मोदी ने मंदिर की आधार शिला रखी थी। ये फिल्म 22 जनवरी से 3 दिन पहले यानी आज 19 जनवरी को रिलीज होने जा रही है।

यूं तो चाणक्य फेम वाले चंद्रप्रकाश द्विवेदी की फिल्म 'मोहल्ला अस्सी' की कहानी भी राम मंदिर आंदोलन पर ही थी, लेकिन 6 साल तक फिल्म गालीगलौज के चलते अटकी रही थी। अब उन्होंने भी प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर 12 मिनट 41 सेकेंड की एक शॉर्ट फिल्म तैयार की है, जो 1528 से लेकर अब तक के राम मंदिर संघर्ष को सिलसिलेवार ढंग से दिखाती है।

बाकी लोग भी बहती गंगा में हाथ धो रहे हैं। 12 जनवरी को प्रशांत वर्मा की फिल्म 'हनु मैन' रिलीज हुई, जो मूल रूप से तेलुगू में बनी है और उसने बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़ दिए हैं। सोशल मीडिया पर इस मूवी की काफी माउथ पब्लिसिटी हो रही है। सोनी टीवी श्रीमद रामायण सीरियल प्रसारित कर रही है। डिजनी हॉटस्टार एनीमेटेड सीरीज 'द लीजेंड ऑफ हनुमान' का तीसरा सीजन जल्द ला रहा है।

तमाम भजन तो सामने आ ही रहे हैं बल्कि ऐसा लग रहा है उनमें आपस में जंग चल रही है कि किसका प्रधानमंत्री ने शेयर किया और किसका किसी केबिनेट मंत्री ने सोशल मीडिया पर शेयर किया। दिव्य कुमार, अनु मलिक का जी म्यूजिक से जारी गीत ज्योतिरादित्य सिंधिया ने और बीजेपी ने अपने सभी सोशल मीडिया एकाउंट्स से शेयर किया तो कैलाश खेर, अनु मलिक का एक दूसरा गीत पीएम मोदी ने खुद शेयर किया, वहीं सुरेश वाडेकर का गीत नितिन गडकरी ने शेयर किया। कल ही मनोज मुंतशिर का लिखा एक और राम गीत टी-सीरीज से जारी हो गया है।

'राम मंदिर' के माहौल में 1 जनवरी से एक नया सीरियल सोनी टीवी पर शुरू हो गया है, 'श्रीमद रामायण', सोमवार से शुक्रवार रात 9 बजे इसका प्रसारण हो रहा है। कहा जा रहा है कि इस सीरियल में काफी स्पेशल इफैक्ट्स इस्तेमाल किए गए हैं। खास किरदार है पंकज धीर के बेटे निकितन धीर का, को इस सीरियल में रावण के रोल में हैं।

ऐसे में आप कह सकते हैं कि बॉलीवुड में राम नाम की लूट मची है लूटी जाए सो लूट। एक रिसर्च से सामने आया है कि 52,000 यूट्यूब चैनल्स पर इसी महीने 2 लाख 21 हजार ऐसे गीत अपलोड किए गए हैं, जिनका हैशटैग 'राम भजन' है। जिनमें स्वाति मिश्रा का भजन "राम आएंगे" तो '58 मिलियन व्यूज' पार कर गया है।

(इस लेख में लेखक ने अपने निजी विचार व्यक्त किए हैं। लेख में प्रस्तुत किसी भी विचार एवं जानकारी के प्रति Oneindia उत्तरदायी नहीं है।)

Notifications
Settings
Clear Notifications
Notifications
Use the toggle to switch on notifications
  • Block for 8 hours
  • Block for 12 hours
  • Block for 24 hours
  • Don't block
Gender
Select your Gender
  • Male
  • Female
  • Others
Age
Select your Age Range
  • Under 18
  • 18 to 25
  • 26 to 35
  • 36 to 45
  • 45 to 55
  • 55+