NCP: क्या चाचा की पार्टी पर कब्जा बरकरार रख पायेंगे अजित पवार?
NCP: इतिहास खुद को दुहराता है, यह कहावत हम सबने अपनी जिंदगी में कई बार सुनी होगी, लेकिन बहुत कम लोगों ने ऐसा होते देखा होगा। महाराष्ट्र में जो कुछ हुआ, वह इतिहास का दोहराव ही है। 1978 में बसंत दादा पाटिल को जिस अंदाज में शरद पवार ने धोखा दिया, कुछ उसी अंदाज में उनके सबसे बड़े भतीजे और एक दौर तक उनके राजनीतिक उत्तराधिकारी समझे जाते रहे अजित पवार ने उन्हें चकमा दिया है।
दिलचस्प यह है कि जिस दिन शरद पवार ने अपने गुरू सरीखे बसंत दादा पाटिल की सरकार उलट दी थी,उसके ठीक पहले की रात मुख्यमंत्री निवास में पाटिल के साथ उन्होंने खाना खाया था। भोजन के बाद लौटते वक्त शरद पवार ने उनसे माफी भी मांगी थी, तब बसंत दादा पाटिल ने उस माफी को एक हद तक मजाक ही समझा था। साफ है कि बसंत दादा पाटिल को अंदेशा भी नहीं था कि जिसे युवा मंत्री के तौर पर वे आगे बढ़ा रहे हैं, वह सच बोल रहा है। कुछ इसी तरह अजित पवार की चाल को शरद पवार भांप नहीं पाए।

लेकिन सवाल यह है कि क्या अजित पवार अपने इस कदम के बाद राजनीति में वैसा ही शिखर छू सकेंगे, जैसा शरद पवार ने बसंत दादा पाटिल को धोखा देने के बाद छुआ? सवाल यह भी है कि सोनिया गांधी के विदेशी मूल के सवाल पर कांग्रेस से अलग होकर शरद पवार ने जिस राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी को महत्वपूर्ण दल बनाया, क्या अजित पवार उस पर कब्जा बरकरार रख पाएंगे? सवाल यह भी है कि मराठवाड़ा और खानदेश में शरद पवार के चलते जिस राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की सियासी नींव ताकतवर बनी रही, वहां अब भी पार्टी की घड़ी टिक-टिक आगे बढ़ती रहेगी? सवाल यह भी है कि जिस अजित पवार को सिंचाई घोटाले का अहम अपराधी भारतीय जनता पार्टी मानती रही है, उसके साथ आने के बाद क्या उनका घोटाला भुला दिया जाएगा।
राजनीति के साथ एक दिक्कत यह है कि वह तत्कालिक सवालों से ही ज्यादा जूझती है, उन्हीं के इर्द-गिर्द अपने कदम बढ़ाती है। वह दीर्घकालिक प्रभावों को अपनी जल्दीबाजी वाले स्वभाव के चलते भुलाती रहती है। पत्रकारिता भले ही जल्दबाजी का साहित्य हो, लेकिन उसकी भूमिका दीर्घकालिक सवालों से जूझना और दूरंदेशी प्रभावों पर नजर रखना है। लेकिन दुर्भाग्यवश अब पत्रकारिता भी राजनीति के जल्दबाजी के स्वभाव से इतना प्रभावित हो गई है कि वह तुरंत नतीजों पर भरोसा करती है, फास्टफूड या यूं कहें कि सत्तू खाने के अंदाज में हर घटना का मुआयना और आकलन करने लगी है।
अजित की तकरीबन सफल बगावत के बाद शरद पवार को शुरूआती झटका जरूर लगा। जब अजित ने देवेंद्र फड़नवीस से हाथ मिला लिया, तब शरद पवार पुणे के अपने घर में थे। बदले घटनाक्रम के बाद उनसे मिलने उनकी बेटी और एनसीपी की नई नवेली कार्यकारी अध्यक्ष सुप्रिया सुले पुणे गईं। शरद पवार को अंदाजा हो गया था कि इस बार वे अजित और उनके ग्रुप को बांध नहीं सकेंगे, अजित पर ना तो पारिवारिक और ना ही उनका राजनीतिक दबाव काम आने वाला है, लिहाजा बुजुर्ग पवार ने पुणे में ही रहना उचित समझा। मुंबई जाकर अपनी भद पिटवाना उन्हें ठीक नहीं लगा।
इसका मतलब साफ है कि फिलहाल अजित का एनसीपी पर कब्जा हो गया है। चूंकि राजनीति में कई बार लड़ाइयां सिर्फ अपना अस्तित्व बचाने के लिए नहीं होतीं, बल्कि अपने वोटरों और समर्थकों की नजर में सक्रिय बने रहने के लिए भी होती हैं। शरद पवार की लोगों से अपील कि सांप्रदायिकता बढ़ाने वाली ताकतों को हराएं, एक तरह से ऐसी ही लड़ाई का प्रतीक है। शरद पवार के शब्दों से लग रहा था कि अब वे खुद को थका महसूस कर रहे हैं। चूंकि उनकी उम्र 82 साल हो चुकी है। जाहिर है कि बढ़ती उम्र का उन पर असर भी है। उनकी बेटी सुप्रिया सुले का ना तो चमत्कारिक व्यक्तित्व है और ना ही संगठन में गहरी पकड़, लिहाजा एक तरह से एनसीपी में शरद पवार का हाल कुछ-कुछ वैसा ही होता नजर आ रहा है, जैसा शिवसेना को लेकर उद्धव ठाकरे का हुआ है।
भारतीय जनता पार्टी पिछले दो लोकसभा और दो विधानसभा चुनावों से खुद के दम पर महाराष्ट्र में आगे बढ़ने की कोशिश कर रही है। लेकिन वह चाहकर भी ऐसा नहीं कर पा रही है। जिस राज्य में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की स्थापना हुई, जिस राज्य की राजधानी में जनसंघ के आधुनिक रूप भारतीय जनता पार्टी का पहला अधिवेशन हुआ, उस राज्य में भाजपा अपने दम पर बहुमत हासिल करने लायक नहीं बन पाई, तो उसे चिंता होनी ही चाहिए। इसलिए उसकी मौजूदा कोशिश और अजित पवार को साथ लाने को इस संदर्भ में भी देखा और समझा जाना चाहिए।
सारे घोड़े खोलने के बावजूद भाजपा मराठवाड़ा में अपनी बड़ी उपस्थिति नहीं दर्ज करा पा रही है। मराठवाड़ा और खानदेश में अब वह अजित पवार के बहाने पैठ बनाने की कोशिश करेगी। एक तथ्य पर और ध्यान दिया जाना चाहिए। भारतीय जनता पार्टी के साथ जो भी दल आए, अपने सांगठनिक कौशल के चलते वह उन पर प्रकारांतर में हावी होती चली गई। शिवसेना, नीतीश कुमार और बीजू जनता दल इसके अपवाद रहे। लेकिन अब नीतीश कुमार का प्रभाव भी छीज रहा है, शिवसेना का हाल किसी से छुपा नहीं है। इन संदर्भों में यह मान लेना अनुचित नहीं होगा कि अजित पवार की एनसीपी के जरिए भाजपा महाराष्ट्र के उन इलाकों में पहुंचने की कोशिश करेगी, जिन इलाकों में एनसीपी का प्रभाव रहा है।
हां, एक बात और है। भारतीय जनता पार्टी की राज्य की वरिष्ठ नेता पंकजा मुंडे को साधना आसान नहीं होगा। पंकजा और देवेंद्र फड़नवीस के बीच आपस में बनती नहीं। फिर पिछला चुनाव वे अपने जिस चचेरे भाई धनंजय मुंडे के हाथों हारीं, वह अजित पवार के साथ एकनाथ शिंदे मंत्रिमंडल में शामिल हो गए हैं। जाहिर है कि पंकजा को यह नया समीकरण रास नही आ रहा होगा। अगर भाजपा ने उन्हें मना लिया तो ठीक, अन्यथा वे अपनी राह भी चुन सकती हैं। अतीत में अपनी नाखुशी को वे सार्वजनिक तौर पर जाहिर कर भी चुकी हैं।
पवार परिवार में दोहराये जाते इतिहास की बुनियाद पर महाराष्ट्र की राजनीति में भारतीय जनता पार्टी की नई भूमिका दिख रही है। वह पहले की तुलना में कुछ एक ब्रेक के बाद ज्यादा मजबूत होगी। जिस कांग्रेस को शरद पवार अतीत में कई झटके दे चुके हैं, अगर उसने सावधानी से पत्ते फेंटे और चले तो भारतीय जनता पार्टी के बरक्स वही राज्य में सबसे मजबूत पार्टी होगी। क्योंकि शिवसेना का जो होना था, वह हो चुका है। एनसीपी का प्रभाव भी छीजना तय है।
बहरहाल बंटी हुई शिवसेना और एनसीपी के आधार वोट बैंक भारतीय जनता पार्टी के लिए ऐसे सहयोगी की भूमिका में होगे, जिससे अरब सागर के किनारे वह नया इतिहास रच सकेगी। लेकिन यह सब तब होगा जब अजित पवार अपने चाचा शरद पवार की तरह राजनीतिक विरासत को अपनी नयी हैसियत में बदल पायेंगे। शरद पवार ने अभी हथियार नहीं डाले हैं। वो आगे क्या करेंगे इसका अनुमान लगाना फिलहाल कठिन ही है।
(इस लेख में लेखक ने अपने निजी विचार व्यक्त किए हैं। लेख में प्रस्तुत किसी भी विचार एवं जानकारी के प्रति Oneindia उत्तरदायी नहीं है।)
-
Ravindra Kaushik Wife: भारत का वो जासूस, जिसने PAK सेना के अफसर की बेटी से लड़ाया इश्क, Viral फोटो का सच क्या? -
Iran Vs America: ईरान की 'सीक्रेट मिसाइल' या सत्ता जाने का डर, अचानक ट्रंप ने क्यों किया सरेंडर -
US Iran War: 5 दिन के सीजफायर की बात, 10 मिनट में Trump का पोस्ट गायब! ईरान ने कहा- 'हमारे डर से लिया फैसला’ -
Iran War Impact: क्या महंगे होंगे पेट्रोल-डीजल और LPG सिलेंडर? संसद में PM मोदी ने दिया बड़ा अपडेट -
Bangalore Gold Silver Rate Today : सोना-चांदी धड़ाम, बैंगलोर में कहां पहुंचा ताजा भाव? -
US Iran War: ईरान ने की Trump की घनघोर बेइज्जती, मिसाइल पर फोटो, लिखी ऐसी बात कि लगेगी मिर्ची- Video -
LPG Crisis: 14.2 किलो के सिलेंडर में अब सिर्फ इतनी KG ही मिलेगी गैस! LPG किल्लत के बीच सरकार ले सकती है फैसला -
Petrol Shortage In Ahmedabad: अहमदाबाद में पेट्रोल पंप पर लगी लंबी लाइन, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट -
Ravindra Kaushik कौन थे? Dhurandhar क्यों कहलाए? Pakistan में कैसे मेजर बना भारत का जासूस? जेल में गुमनाम मौत -
PM Modi Speech Highlights: संसद में गरजे PM मोदी, Hormuz Strait पर दिया बड़ा बयान, भारत का बताया प्लान -
West Bengal Election 2026: बंगाल की ये 7 सीटें बना सकती हैं नया CM! जहां हार-जीत का अंतर 1000 वोट से भी था कम -
Anjali Arora Net Worth: 'काचा बादाम गर्ल' ने शुरू किया ये बिजनेस, कैसे छापेंगी नोट? कितनी संपत्ति की मालकिन?












Click it and Unblock the Notifications