Bollywood and South Film Industry: साउथ सिनेमा की शरण में बॉलीवुड
कभी दक्षिण भारत के स्टार, निर्माता, निर्देशक काम करने और पहचान पाने हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की ओर आते थे। अब बॉलीवुड के सिनेमाकार अपनी पहचान पाने के लिए साउथ की शरण में जा रहे हैं।

Bollywood and South Film Industry: अजय देवगन की 'भोला' सबको पसंद आ रही है। तमिल फिल्म 'कैथी' की रीमेक भोला में ना केवल साउथ की एक्ट्रेस अमला पॉल को लिया गया है, बल्कि एक आइटम सॉन्ग भी साउथ की ही राय लक्ष्मी को दिया गया। फिल्म में गजराज राव ने भी एक तमिल का ही रोल किया है। इससे पहले भी अजय देवगन की 'दृश्यम' सीरीज साउथ की फिल्मों का ही रीमेक है। भोला का अगला पार्ट भी कमल हसन की 'विक्रम' का रीमेक होगा।
इस समय बॉलीवुड में साउथ की फिल्मों को रीमेक के लिए कामयाबी की गारंटी माना जा रहा है। तभी राजामौली की तमिल फिल्म 'छत्रपति' का रीमेक हिंदी में बनने जा रहा है। शाहिद कपूर की रीमेक फिल्म 'कबीर सिंह' ने हिंदी बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़े तो उन्होंने 'जर्सी' भी रीमेक ही कर डाली। हाल ही में जाह्नवी कपूर ने भी मलयालम मूवी 'हेलेन' के रीमेक 'मिली' में काम किया तो बोनी कपूर ने उसके डायरेक्शन की जिम्मेदारी मलयालम मूवी के डायरेक्टर मुथुकुट्टी जेवियर को ही दे दी। हालांकि फिल्म औसत ही चली।
'बाहुबली' के हीरो प्रभास की मूवी 'छत्रपति' 2005 में रिलीज हुई थी, जिसे राजामौली ने निर्देशित किया था। अब मुंबई की फिल्म इंडस्ट्री उसे लेकर एक नया प्रयोग करने जा रही है। इस फिल्म का रीमेक हिंदी में बन कर तैयार है, लेकिन हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के लोगों का दखल ना के बराबर होगा। पेन स्टूडियोज वाले जयंती लाल गाडा के बैनर तले बनी इस मूवी के हीरो तेलुगु स्टार श्रीनिवास बेल्लमकोंडा होंगे। ये उनका हिंदी डेब्यू होगा और डायरेक्टर भी तेलुगु के ही वीवी विनायक होंगे। फिल्म के डायलॉग जरूर मयूर पुरी लिखेंगे और म्यूजिक तनिष्क बागची का होगा। लेकिन मूवी हिंदी में राजामौली के पिता केवी विजयेंद्र प्रसाद ही लिख रहे हैं। हालांकि मूवी का छत्रपति शिवाजी से कोई लेना देना नहीं है, लेकिन मूवी का टीजर बता रहा है कि काफी ग्रैंड स्केल पर इसे बनाया गया है और ट्रेलर 12 मई को लॉन्च होगा।
लेकिन ये बताता है कि कैसे हिंदी रिमेक के लिए भी मुंबई के प्रोड्यूसर्स का भरोसा अब हिंदी के सितारों पर से उठता चला जा रहा है। बाहुबली और आरआरआर के साथ साथ केजीएफ़, कांतारा और पुष्पा जैसी मूवीज को हिंदी पट्टी में भी बड़ी कामयाबी मिली है। वहीं, हिंदी की एक एक करके पृथ्वीराज चौहान, लाल सिंह चड्ढा, ब्रह्मास्त्र, शमशेरा जैसी बड़े बजट की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिरी हैं। इससे भी मुंबई प्रोड्यूसर्स को लगने लगा है कि मुंबई के सितारों और निर्देशकों में अब इतना दम नहीं बचा है कि कोई फिल्म सुपरहिट करवा सकें। भले ही 'पठान' और 'तू झूठी मैं मक्कार' ने थोड़ी उम्मीद जताई हो, फिर भी शाहरुख अपनी अगली फिल्म 'जवान' के लिए साउथ के एटली पर ही भरोसा जता रहे हैं। हालांकि अभी भी जनता को राजकुमार हिरानी जैसे निर्देशकों का इंतजार रहता है।
बाहुबली सीरीज और केजीएफ से जुड़ने के बाद करण जौहर ने भी दो साउथ फिल्मों के राइट्स खरीद लिए हैं। विजय देवरकोंडा की 'डियर कॉमरेड' और प्रणव मोहनलाल की मलयालम मूवी 'हृदयम'। छत्रपति की तरह ही डियर कॉमरेड के हिंदी रीमेक 'लाइगर' को करण ने साउथ वालों के ही हवाले कर दिया है। फिल्म का निर्देशन किया है तेलुगु के निर्देशक पुरी जगन्नाथ ने और हीरो हैं खुद विजय। साथ में हीरोइन जरूर अनन्या पांडे को लिया गया। लेकिन 220 करोड़ की मूवी केवल 60 करोड़ कमा पाई, करण ने इस मूवी के राइट्स ही अब तक के सबसे ज्यादा यानी 6 करोड़ में खरीदे थे।
दरअसल 'कबीर सिंह' की ओरिजनल 'अर्जुन रेड्डी' भी इसी स्टार विजय की मूवी थी। करण का प्रयोग यानि साउथ के स्टार पर ही फिल्म का सारा लोड डाल देना लोगों को जमा नहीं। इससे पहले चिरंजीवी के बेटे रामचरण तेजा को भी प्रियंका चोपड़ा के साथ लेकर अपूर्व लखिया ने अमिताभ बच्चन की मशहूर फिल्म 'जंजीर' का रीमेक बनाया था। लेकिन तब लोगों को ये प्रयोग पसंद नहीं आया था। पर आज माहौल पूरी तरह यू-टर्न ले चुका है। फिल्में हिट हों या ना हों, साउथ के सितारों को लेना हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की मजबूरी सा बन गया है। अक्षय कुमार की फिल्म 'रामसेतु' में साउथ से ना केवल एम नासर को अहम रोल दिया गया बल्कि हनुमान जी के रोल में सत्यदेव को भी लांच किया गया।
और ये केवल फिल्मों के मामले में नहीं है, वेबसीरीज भी इससे अछूती नहीं हैं। मनोज वाजपेयी की वेबसीरीज 'फैमिली मैन' का दूसरा सीजन साउथ की कहानी पर ही रखा गया। उसमें साउथ की दो-दो एक्ट्रेसेज सामंथा और प्रिया मणि को भी लिया गया। जबकि शाहिद कपूर की वेबसीरीज 'फर्जी' में तो हीरो ही विजय सेतुपति हैं। विजय की माधवन के साथ मूवी 'विक्रम वेधा' को इसी नाम से हाल ही में ऋतिक रोशन और सैफ अली खान के साथ हिंदी में रिलीज किया गया था।
केवल हीरोज को ही नहीं वहां की हीरोइंस पर भी हमेशा की तरह हिंदी फिल्म इंडस्ट्री दांव लगा रही है पता नहीं कौन वैजयंती माला या श्रीदेवी साबित हो। तमन्ना भाटिया की 'बबली बाउंसर' और श्रेया शरण की 'दृश्यम' तो हाल ही में रिलीज हुई थीं। पुष्पा फेम रश्मिका मंदाना की भी दो हिंदी फिल्में हाल ही में रिलीज हो चुकी हैं। अमिताभ बच्चन के साथ जहां 'गुडबाय' में नजर आईं, 'मिशन मजनूं' में वो सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ थीं। कई और लाइन में हैं। भोला पार्ट टू में अमला पॉल का रोल भी बड़ा होने जा रहा है।
सबसे दिलचस्प बात है एड की दुनियां में साउथ के सितारों का कोहराम। 2022 में एक रिपोर्ट लगभग सभी मीडिया वेबसाइट्स पर छपी कि हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के बड़े से बड़े सितारे का भाव ब्रांड एंडोर्समेंट में साउथ के सितारों के सामने आधा रह गया है। साउथ के सितारों को साइन कर लो तो हिंदी प्रदेशों के लोग भी उन्हें अपना मान लेते हैं, लेकिन हिंदी वाले ऐसे कम ही बचे हैं। रणवीर सिंह को जहां ब्रांड एंडोर्समेंट के तीन से साढ़े तीन करोड़ मिलते हैं, अल्लू अर्जुन का भाव 7 करोड़ के ऊपर चला गया है।
सिनेमा और विज्ञापन के साथ ही टॉक शो में भी साउथ के स्टार की मांग बढ़ी है। खबर है कि करण जौहर के मशहूर शो 'कॉफी विद करण' के 8वें सीजन में साउथ के मशहूर सितारे अपनी पत्नियों के साथ होंगे। अभी तक जो खबर आई है उसके मुताबिक 'केजीएफ' से मशहूर हुए यश, 'पुष्पा' के स्टार अल्लू अर्जुन और 'कांतारा' के हीरो, निर्देशक ऋषभ शेट्टी ने करण के शो में आने की सहमति दे दी है। कपिल शर्मा के शो में भी अब लगातार साउथ के स्टार्स दिखाई दे रहे हैं। कभी 'पीएस वन' के सितारे विक्रम और कार्ती हों या फिर 'आरआरआर' की पूरी टीम या फिर कमल हसन। पुष्पाराज और रॉकी भाई के तो कपिल के शो में डमी ही तैयार कर दिए गए हैं।
ऐसे में जबकि साउथ के निर्देशक मुंबई के निर्देशकों के सामने ऐसे ऐसे प्रतिमान गढ़ रहे हों, ऑस्कर्स ने भी प्रतिष्ठा बढ़ाई है, तो हिंदी फिल्म इंडस्ट्री ने इसे चुनौती के तौर पर लेने के बजाय उनसे हाथ मिलाकर सरेंडर करना ही बेहतर समझा है।
यह भी पढ़ेंः Meena Kumari ने झेला तलाक का दर्द, फिर धर्मेंद्र ने भी दिया धोखा, प्यार के मामले में अनलकी रहीं एक्ट्रेस
(इस लेख में लेखक ने अपने निजी विचार व्यक्त किए हैं। लेख में प्रस्तुत किसी भी विचार एवं जानकारी के प्रति Oneindia उत्तरदायी नहीं है।)












Click it and Unblock the Notifications