West Bengal: TET भर्ती को लेकर छात्रों का कोलकाता में हंगामा, धारा144 लागू
West Bengal TET, कोलकाता के साल्ट लेक में शिक्षा बोर्ड के कार्यालय के बाहर राज्य सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे टीईटी (शिक्षक पात्रता परीक्षा) पास कर चुके अभ्यर्थियों के बीच टकराव देखने को मिला है। पिछले 48 घंटे से धरने पर बैठे छात्र शुक्रवार उग्र हो गए। इस दौरान सैंकड़ों की संख्या में छात्रों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। छात्रों के प्रदर्शन को लेकर पुलिस ने पहले से ही पूरे इलाके में धारा 144 लागू कर दी थी।

गुरुवार को शिक्षक पात्रता परीक्षा (टीईटी) योग्य उम्मीदवारों ने नौकरी की भर्ती को लेकर कोलकाता में पश्चिम बंगाल प्राथमिक शिक्षा बोर्ड के प्रधान कार्यालय के पास विरोध प्रदर्शन किया था। पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को जबरन वहां से हटाने की कोशिश की। जिसके चलते छात्रों और पुलिस कर्मियों के बीच झड़प देखने को मिली। पुलिस ने छात्रों को यह कह कर हटने के लिए कहा कि, इलाके में धारा 144 लागू है।
जिसके बाद छात्र और छात्राएं प्राथमिक शिक्षा बोर्ड के प्रधान कार्यालय के बाहर पांच पांच की संख्या का ग्रुप बनाकर बैठ गए। हालांकि शुक्रवार को पुलिस ने धरना स्थल से आंदोलन कर रहे अभ्यार्थियों को जबरन हिरासत में ले लिया। उन्होंने पहले राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और अयोग्य उम्मीदवारों को प्राथमिकता देने का आरोप लगाया था।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे सरकारी या सरकार द्वारा सहायता प्राप्त प्राथमिक स्कूलों में नियुक्ति मिले बिना धरना स्थल से नहीं हटेंगे। कोलकाता में पिछले कई दिनों से छात्र आंदोलनरत हैं। विरोध करने वाले उम्मीदवारों ने आठ साल पहले शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए क्वालीफाई किया था। हालांकि, वे साक्षात्कार के दो सेटों को पास नहीं कर सके थे।
इस बीच, भाजपा की राज्य सचिव प्रियंका टिबरेवाल ने इस मुद्दे पर राज्य सरकार पर निशाना साधा है। टिबरेवाल ने कहा कि, यह सरकार मानवता से कोसों दूर है, हर किसी को अपना राक्षसी चेहरा दिखा रही है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए प्रियंका ने कहा, 'एक महिला मुख्यमंत्री होने के बाद भी अगर किसी महिला के साथ ऐसा होता है तो ममता बनर्जी को मर जाना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications