अलपन बंद्योपाध्याय को धमकी देने वालों में उनका ड्राइवर भी शामिल, पुलिस ने की तीन गिरफ्तारियां
कोलकाता, 09 नवंबर। पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्य सचिव अलपन बंद्योपाध्याय को कथित रूप से जान से मारने की धमकी देने के आरोप में तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सोमवार को पुलिस ने ये गिरफ्तार की है। गिरफ्तार किए गए लोगों में अलपन बंद्योपाध्याय का ही एक ड्राइवर रमेश, एक डॉक्टर अरिंदम सेन और एक टाइपिस्ट विजय कुमार कयाल शामिल हैं।

पिछले महीने अलपन की पत्नी को मिला था धमकी भरा खत
आपको बता दें कि पिछले महीने अलपन बंद्योपाध्याय की पत्नी सोनाली चक्रवर्ती को एक खत मिला था, जिसमें उनके पति को जान से मारने की धमकी दी गई थी। खत में लिखा था, "मैडम आपके पति को मार दिया जाएगा, उन्हें कोई नहीं बचा सकता।" पुलिस तभी से मामले की जांच में जुट गई थी। अब पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
डॉक्टर ने खुद को बताया मानसिक तनाव से ग्रस्त
शुरुआती जांच में पुलिस का मानना है कि अलपन को धमकी देने वाले एक आरोपी डॉक्टर अरिंदम सेन को कुछ मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं, जिनकी मेडिकल हिस्ट्री का पता पुलिस लगा रही है। डॉक्टर ने पुलिस को बताया है कि वो मानसिक तनाव से गुजर रहा था। वो इससे पहले भी कुछ लोगों को ऐसे ही धमकी भरे खत लिख चुका था।
टाइपिस्ट विजय कुमार के बयान के बाद हुई दो गिरफ्तारियां
आपको बता दें कि एक सूचना के आधार पर पुलिस ने टाइपिस्ट विजय कुमार कयाल को गिरफ्तार किया था। विजय कुमार ने पूछताछ के दौरान बताया कि उसने ही वो धमकी भरा खत टाइप किया था और ऐसा करने के लिए अरिंदम सेन ने उसे कहा था। विजय कुमार कयाल के बयान के बाद ही अरिंदम सेन और राममोहन राय सरानी को गिरफ्तार किया गया था।












Click it and Unblock the Notifications