बंगाल: अमित शाह के निशाने पर आईं ममता, कहा- वो CAA पर लोगों को कर रही हैं गुमराह
lok sabha election 2024: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जमकर निशाना साधा। शाह ने ममता पर लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल के बालुरघाट में एक रैली में कहा कि, हमने सीएए कानून पारित किया है। ममता दीदी बंगाल की जनता को गुमराह कर रही हैं। वह कह रही हैं कि अगर सीएए के लिए आवेदन करोगे तो नागरिकता चली जायेगी।

बीजेपी नेता ने कहा कि, मैं शरणार्थियों से सीएए के तहत नागरिकता के लिए आवेदन करने का अनुरोध करता हूं, मैं आश्वासन देता हूं कि कोई समस्या नहीं होगी। मंत्री ने कहा, ''ममता दीदी, आप सीएए का कितना भी विरोध करें, हम सभी शरणार्थियों को नागरिकता देंगे।''
तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी पर अपना हमला बोलते हुए शाह ने कहा, ''सशक्त भारत' बनाने के लिए, हमें 'सशक्त बंगाल' बनाना होगा। लेकिन आप पश्चिम बंगाल में घुसपैठ की सीमा देख रहे हैं! अगर ऐसी स्थिति बनी रही, तो राज्य प्रगति नहीं कर सकते और कभी सशक्त नहीं बन सकते। लेकिन क्या आपको लगता है कि ममता बनर्जी कभी इस घुसपैठ को रोकने के लिए काम करेंगी? नहीं! क्योंकि यही घुसपैठिये उनका वास्तविक वोट बैंक हैं।
अमित शाह ने आगे कहा कि, केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार ही राज्य में घुसपैठ रोक सकती है। उन्होंने कहा, पश्चिम बंगाल में भाजपा को लाने का काम करें और राज्य में अद्वितीय परिवर्तन देखें।
अमित शाह ने कहा कि, हमने असम में घुसपैठ रोक दी। मैं आपको मोदी की गारंटी बताने आया हूं कि हमें 30 सीटें पार कराओ और बंगाल में भाजपा की सरकार बनाओ, हम घुसपैठ रोक देंगे।
पश्चिम बंगाल में आम चुनाव के सभी सात चरणों में 42 सीटों पर मतदान हो रहा है। पश्चिम बंगाल में 2019 के लोकसभा चुनाव में ममता बनर्जी के नेतृत्व वाली तृणमूल कांग्रेस ने 42 में से 22 सीटें जीतीं थी। जबकि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 18 सीटें मिलीं थी। अन्य दो सीटें कांग्रेस ने जीतीं थी। इस बार वोटों की गिनती 4 जून को होगी।












Click it and Unblock the Notifications