भवानीपुर सीट से ममता बनर्जी ने किया नामांकन, BJP की प्रियंका टिबरेवाल से मुकाबला
भवानीपुर विधानसभा सीट पर 30 सितंबर को मतदान होगा और 3 अक्टूबर को वोटों की गिनती होगी।
कोलकाता, 10 सितंबर: पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भवानीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है। भवानीपुर विधानसभा सीट पर आने वाली 30 सितंबर को वोट डाले जाएंगे और 3 अक्टूबर को मतगणना होगी। इस सीट पर ममता बनर्जी के मुकाबले में भारतीय जनता पार्टी ने अपनी नेता और प्रियंका टिबरेवाल को टिकट देकर मैदान में उतारा है। वहीं, कांग्रेस पहले ही ऐलान कर चुकी है कि वो भवानीपुर सीट पर अपना उम्मीदवार नहीं उतारेगी। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अगर वो अपना उम्मीदवार उतारते हैं तो इससे भाजपा को ही फायदा होगा, जो कांग्रेस नहीं चाहती।

Recommended Video
आपको बता दें कि पश्चिम बंगाल में इसी साल हुए विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी अपनी परंपरागत सीट भवानीपुर छोड़कर, नंदीग्राम से चुनाव लड़ीं थी, लेकिन टीएमसी छोड़कर भाजपा में शामिल हुए सुवेंदु अधिकारी के सामने उन्हें हार का सामना करना पड़ा। नंदीग्राम को सुवेंदु अधिकारी का गढ़ माना जाता है। हालांकि ममता बनर्जी ने नंदीग्राम में मतगणना के दौरान धांधली का आरोप लगाया और यह मामला अभी कोर्ट में चल रहा है। ममता बनर्जी फिलहाल किसी भी सीट से विधानसभा की सदस्य नहीं हैं, इसलिए भवानीपुर सीट पर हो रहे उपचुनाव में जीत दर्ज करने की उनके सामने दोहरी चुनौती है।
कौन हैं प्रियंका टिबरेवाल, जो ममता को देंगी टक्कर
वहीं, भारतीय जनता पार्टी ने दिग्गज वकील और अपनी नेता प्रियंका टिबरेवाल को चुनाव मैदान में उतारा है। प्रियंका टिबरेवाल भाजपा की वही नेता हैं, जिन्होंने पश्चिम बंगाल में चुनाव बाद हुई हिंसा के मामले में याचिका दाखिल की थी। इसके अलावा भाजपा ने भवानीपुर सीट पर ममता बनर्जी को घेरने के लिए तगड़ी तैयारी की है। भवानीपुर उपचुनाव के लिए भाजपा ने पार्टी सांसद अर्जुन सिंह को प्रभारी नियुक्त करते हुए, सांसद सौमित्र खान और ज्योतिर्मय सिंह महतो को सह प्रभारी बनाया है। साथ ही भाजपा के आठ विधायकों को भवानीपुर विधानसभा के आठ वार्डों का प्रभार दिया गया है। ऐसे में भवानीपुर में होने वाला उपचुनाव काफी रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है।












Click it and Unblock the Notifications