बंगाल: अनुब्रत मंडल की बेटी से हाईकोर्ट ने मांगा TET सर्टिफिकेट, पार्थ की कस्टडी 31 अगस्त तक बढ़ी
कोलकाता, 18 अगस्त: एसएससी घोटाला मामले में पश्चिम बंगाल के पूर्व मंत्री पार्थ चटर्जी और उनकी करीबी अर्पिता मुखर्जी को अभी जेल में रहना पड़ेगा। उनको कोर्ट ने 31 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेजा है। इसके अलावा गाय तस्करी और कोयला तस्करी में गिरफ्तार अनुब्रत मंडल की बेटी सुकन्या भी गुरुवार को कलकत्ता हाईकोर्ट में पेश हुईं। इस दौरान कोर्ट ने उनको TET का प्रमाणपत्र दिखाने को कहा है।

दरअसल अनुब्रत की बेटी सुकन्या पर बिना TET परीक्षा पास किए शिक्षक की नौकरी पाने का आरोप लगा है। जिसके बाद ये मामला हाईकोर्ट पहुंचा। इस पर कोर्ट ने सुकन्या को तलब किया। सभी पक्षों की बातें सुनने के बाद गुरुवार को कोर्ट ने कहा कि सुकन्या अपना TET का प्रमाण पत्र कोर्ट के सामने पेश करें और आगे की सभी सुनवाई के लिए इस संबंध में उनकी मार्कशीट भी मांगी। इस मामले की अगली सुनवाई अब 1 सिंतबर को होगी।
इस याचिका को फिरदौस शमीम नाम के वकील ने दायर किया है। उन्होंने कहा कि अनुब्रत ने अपना प्रभाव दिखाकर अपनी बेटी, भाई, भतीजे, निजी सहायक समेत कुल छह करीबी लोगों को शिक्षक की नौकरी दिलाई। नौकरी पाने वालों में से किसी ने शिक्षक पात्रता परीक्षा (टेट) पास नहीं की है।
सीबीआई करेगी पूछताछ
जानकारी के मुताबिक अनुब्रत के पास करोड़ों की संपत्ति मिली है। जिनकी जांच करने पर पता चला कि उन्होंने करोड़ों की लेन-देन के लिए अलग-अलग खातों का इस्तेमाल किया। इस वजह से अनुब्रत के लेखाकार और बेटी सुकन्या से सीबीआई पूछताछ कर सकती है।












Click it and Unblock the Notifications