कोलकाता गैंगरेप का CCTV आया सामने, कैमरे में दिखा छात्रा को घसीटते हुए ले जाना, क्या-क्या मिला अब-तक सबूत?
Kolkata law student gangrape Case: कोलकाता के साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज में एक लॉ छात्रा के साथ हुए कथित गैंगरेप के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस ने शनिवार 28 जून को बताया कि कॉलेज से मिले CCTV फुटेज में घटना की पुष्टि होती है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि आरोपी छात्रा को जबरन गार्ड रूम में घसीटकर ले जा रहे हैं। इससे छात्रा ने जो लिखित शिकायत दी है उसकी पुष्टि होती है।
कॉलेज के CCTV में 25 जून 2025 (वारदात वाला दिन) की दोपहर 3:30 बजे से रात 10:50 बजे तक करीब 7 घंटे की फुटेज हैं। पुलिस के मुताबिक "CCTV फुटेज में तीनों आरोपियों, सिक्योरिटी गार्ड और पीड़िता की गतिविधियां स्पष्ट रूप से नजर आती हैं। इस वीडियो की हम गहराई से जांच कर रहे हैं।"

स्ट्रगल के सबूत, बरामद हुआ हॉकी स्टिक और संदिग्ध लिक्विड
पुलिस ने घटना से जुड़े सबूतों को भी इकट्ठा किया है। इनमें छात्र संघ कक्ष, वॉशरूम और गार्ड रूम से बरामद बालों के गुच्छे, कई बोतलें जिनमें अज्ञात तरल पदार्थ है, और एक हॉकी स्टिक शामिल हैं।
पुलिस अधिकारी ने बताया, "तीनों कमरों में संघर्ष के स्पष्ट संकेत मिले हैं। सभी नमूने फॉरेंसिक जांच के लिए भेजे गए हैं।" पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया था कि मुख्य आरोपी (मनोजीत मिश्रा) ने उसे हॉकी स्टिक से धमकाया था।
अब तक 4 गिरफ्तार, मुख्य आरोपी टीएमसी छात्र नेता
अब तक इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें तृणमूल कांग्रेस छात्र परिषद (TMCP) के मौजूदा जनरल सेक्रेटरी और पूर्व छात्र मोनोजीत मिश्रा का नाम शामिल है। जो मुख्य आरोपी है। पीड़िता के मुताबिक उसने मोनोजीत के शादी के प्रस्ताव को ठुकरा दिया था, जिसके बाद ये घटना हुई।
मोनोजीत मिश्रा के अलावा दो अन्य आरोपी जैब अहमद (कलकत्ता लॉ कॉलेज में प्रथम वर्ष का छात्र) और प्रमित मुखर्जी उर्फ प्रमित मुखोपाध्याय (कलकत्ता लॉ कॉलेज के द्वितीय वर्ष का छात्र) को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा जिस गार्ड के कमरे में रेप हुआ था, उसे भी गिरफ्तार किया गया है। गार्ड का नाम पिनाकी बनर्जी है। फिलहाल गिरफ्तार सभी आरोपी पुलिस रिमांड पर हैं।
मेडिकल रिपोर्ट में भी पीड़ित से रेप की पुष्टि
घटना 25 जून को हुई थी और पीड़िता का मेडिकल परीक्षण अगले दिन शुक्रवार 26 जून को किया गया। यह जांच कोलकाता नेशनल मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (CNMC) में कराई गई थी। मेडिकल रिपोर्ट में उसके गले के पास खरोंच के निशान और ब्रेस्ट पर चोट के निशान मिले हैं। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि शरीर पर कोई कट का निशान नहीं है, लेकिन बलात्कार और हिंसा की पुष्टि होती है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक पीड़िता के शरीर पर जबरदस्ती के निशान, काटने के जख्म, और नाखून से खरोंचने के चिह्न पाए गए हैं। इसके अलावा, उसके साथ मारपीट की भी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट में की गई है।
10 महीने पहले भी दहला था कोलकाता
यह घटना उस दर्दनाक हादसे की याद दिला देती है जब RG Kar मेडिकल कॉलेज की एक छात्रा के साथ अगस्त 2024 में दुष्कर्म और हत्या ने पूरे देश को झकझोर दिया था।
कोलकाता लॉ कॉलेज की यह घटना न केवल कॉलेज प्रशासन और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है, बल्कि यह भी दर्शाती है कि छात्राओं की सुरक्षा अब भी एक गंभीर चिंता का विषय है। पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए सख्त और तेज़ कानूनी कार्रवाई की मांग उठ रही है।












Click it and Unblock the Notifications