कोलकाता गैंगरेप का मुख्य आरोपी TMC नेता अभिषेक बनर्जी के साथ दिखा, BJP का आरोप, तस्वीर भी की साझा
Kolkata law student Gang-rape Case: कोलकाता के कासबा इलाके में स्थित साउथ कलकत्ता लॉ कॉलेज की एक 24 वर्षीय छात्रा के साथ 25 जून को तीन युवकों ने कॉलेज परिसर के अंदर ही गैंगरेप किया। यह घटना RG कर अस्पताल में हुई अगस्त 2024 रेप-मर्डर के बाद सामने आई है और इसने पश्चिम बंगाल की राजनीति में भूचाल ला दिया है।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने इस जघन्य अपराध को लेकर सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। BJP के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी और आईटी सेल प्रमुख अमित मालवीय ने आरोपी मोनोजित मिश्रा की TMC नेताओं के साथ तस्वीरें शेयर कीं। इनमें एक तस्वीर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक बनर्जी और स्वास्थ्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य के साथ बताई जा रही है।

प्रदीप भंडारी बोले- ममता सरकार आरोपी के साथ खड़ी दिखाई दे रही है
BJP नेता प्रदीप भंडारी ने कहा, "एक बार फिर ममता सरकार आरोपी के साथ खड़ी दिखाई दे रही है। मोनोजित मिश्रा TMC का सदस्य है।"
अमित मालवीय ने भी तीखा हमला करते हुए कहा, "बंगाल महिलाओं के लिए डरावना सपना बन चुका है। यह पूरी तरह से शर्मनाक है कि आरोपी की सीधी पहुंच TMC के सबसे ताकतवर नेताओं तक है।"
अमित मालवीय ने एक्स पोस्ट में लिखा,
''कॉलेज छात्रा के साथ हुए बलात्कार के मुख्य आरोपियों में से एक मनोजीत मिश्रा का सीधा संबंध टीएमसी के सबसे ताकतवर लोगों से है, उसकी तस्वीरें सांसद अभिषेक बनर्जी, पार्षद कजरी बनर्जी (ममता बनर्जी की भाभी) और राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य के साथ है। चौंकाने वाली रिपोर्ट बताती है कि कॉलेज के अधिकारियों को अपराध होने के दौरान गेट बंद करने का निर्देश दिया गया था! मनोजीत को यह छूट किसने दी? उसे किसने बचाया? यह सिर्फ एक अपराध नहीं है। यह सर्वोच्च स्तर का कवर-अप है। टीएमसी बलात्कारियों और बलात्कारियों के रक्षकों की पार्टी है। हम राजनीतिक सत्ता को इस अपराध को दबाने नहीं देंगे। हम ममता बनर्जी के शासन को न्याय की आवाज को दबाने नहीं देंगे।भाजपा पीड़ित के साथ मजबूती से खड़ी है। न्याय मिलने तक हम लगातार लड़ते रहेंगे।''
अधीर रंजन चौधरी बोले- कोलकाता में ये कोई नई बात नहीं है
कांग्रेस नेता अधीर रंजन चौधरी ने कोलकाता में कथित गैंगरेप मामले पर कहा,
"कोलकाता में ये कोई नई बात नहीं है, 10 महीने पहले इसी कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज में एक महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या कर दी गई थी। आज तक उसे न्याय नहीं मिला, उसके माता-पिता भटक रहे हैं, 10 महीने बाद उसी कलकत्ता में, उसी 'सिटी ऑफ जॉय' में, एक लॉ की छात्रा के साथ कॉलेज में टीएमसी नेता ने छेड़छाड़ की और बाद में गार्ड रूम में सामूहिक बलात्कार किया... बंगाल में 2017 के बाद आज तक किसी भी कॉलेज में छात्र संघ बनाने के लिए चुनाव नहीं हुए, सभी कॉलेजों में छात्र संघ सत्ताधारी पार्टी के नियंत्रण में है... हर कॉलेज में टीएमसी पार्टी के नेताओं, दरिंदों को संघ का मुखिया बना दिया गया है...ये घटना सामने आई है, इसलिए हमें जानकारी मिल रही है, लेकिन ऐसी और भी घटनाएं होती हैं लेकिन हर किसी में बोलने की हिम्मत नहीं होती।"
TMC का पलटवार: अपराध को राजनीति से न जोड़ें
TMC की नेता शशि पांजा ने BJP पर पलटवार करते हुए कहा कि विपक्ष को इस संवेदनशील मामले को राजनीतिक रंग नहीं देना चाहिए। उन्होंने कहा, "हम इस घटना से बेहद दुखी हैं। पुलिस ने बेहद तेजी से कार्रवाई की-12 घंटे में सभी आरोपियों को पकड़ लिया गया, उनके मोबाइल जब्त हुए और पीड़िता का बयान भी दर्ज किया गया।"
पांजा ने यह भी कहा कि BJP केवल तस्वीरों के जरिए मुद्दे को भटकाना चाहती है और "TMC की छात्र इकाई ऐसे अपराधों को बढ़ावा नहीं देती।"
न्यायिक हिरासत में भेजे गए तीनों आरोपी
तीनों आरोपी मोनोजित मिश्रा (31), जैब अहमद (19) और प्रमित मुखोपाध्याय (20) को अलीपुर कोर्ट में पेश किया गया और उन्हें 1 जुलाई तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। इसके अलावा कोलकाता पुलिस ने लॉ कॉलेज के गार्ड पिनाकी बनर्जी (55) को भी मामले में गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता की मेडिकल रिपोर्ट में यौन उत्पीड़न की पुष्टि हुई है। शरीर पर दांत के निशान, नाखूनों की खरोंच और जबरन शारीरिक संबंध के संकेत पाए गए हैं।
RG कर केस की दिल दहला देने वाली यादें ताजा
इस घटना ने एक बार फिर पिछले साल के RG कर मेडिकल कॉलेज रेप और मर्डर केस की भयावह यादें ताजा कर दी हैं। उस केस में भी एक महिला डॉक्टर के साथ बलात्कार और हत्या हुई थी। आरोपी संजय रॉय को कोर्ट ने उम्रकैद की सजा सुनाई थी।












Click it and Unblock the Notifications