West Bengal: कौन हैं नए डीजीपी विवेक सहाय? जिन्हें चुनाव आयोग के एक्शन के बाद राजीव कुमार की जगह मिली
West Bengal Next DGP Vivek Sahay: चुनाव आयोग की तरफ से राजीव कुमार को पद से हटाए जाने के तुरंत बाद आईपीएस ऑफिसर विवेक सहाय को पश्चिम बंगाल का नया डीजीपी नियुक्त किया गया है। लोकसभा चुनाव ऐलान के 48 घंटे के भीतर पश्चिम बंगाल पुलिस में बड़ा फेरबदल देखने को मिला।
निर्वाचन आयोग ने सोमवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए राजीव कुमार को बंगाल पुलिस के महानिदेशक (डीजीपी) की कुर्सी से हटा दिया। बंगाल के अलावा ECI ने गुजरात, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के गृह सचिवों को भी हटाने का आदेश दिया है।

चुनाव आयोग की कार्रवाई के बाद अब विवेक सहाय राज्य पुलिस के नए डीजीपी बन गए हैं। चुनाव आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव से आज शाम पांच बजे तक राजीव कुमार के स्थान पर तीन योग्य अधिकारियों की लिस्ट उपलब्ध कराने को कहा था।
विकल्प के तौर पर भेजे गए तीन वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों के नाम में से विवेक सहाय को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। आईपीएस विवेक सहाय के अलावा आईपीएस संजय मुखर्जी और राजेश कुमार के नाम भी अगले डीपीपी के रूप में प्रस्तावित किया गया था।
जानिए कौन हैं IPS विवेक सहाय?
विवेक सहाय 1988 बैच के पश्चिम बंगाल कैडर के आईपीएस अधिकारी हैं। उन्होंने पहले महानिदेशक (डीजी), प्रोविजनिंग और होम गार्ड्स के महानिदेशक के रूप में कार्य किया है। विवेक सहाय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सुरक्षा के भी प्रभारी थे।
हालांकि चुनाव आयोग ने मार्च 2021 में सीएम पर हमले के बाद उन्हें निलंबित कर दिया था, जिसमें ममता बनर्जी पैर में गंभीर चोटें आईं थीं। बाद में उन्हें सुरक्षा निदेशक के पद पर बहाल कर दिया गया।
पश्चिम बंगाल के मुख्य सचिव के एक नोटिस में लिखा, "राज्यपाल विवेक सहाय, आईपीएस, महानिदेशक और कमांडेंट जनरल, होम गार्ड्स, पश्चिम बंगाल को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक पुलिस महानिदेशक और इंस्पेक्टर, पश्चिम बंगाल के पद पर नियुक्त करते हुए प्रसन्न हैं।"












Click it and Unblock the Notifications