IIM कोलकाता रेप केस में लड़की के आरोपों को पिता ने ही झुठलाया, पढ़िए अब तक क्या-क्या हुआ?
कोलकाता के इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (IIM) में एक छात्र पर बाहर से आई महिला ने नशा देकर रेप करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने इस मामले में छात्र को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन लड़की के पिता के बयान ने इस मामले में नया मोड़ ला दिया है।
लड़की के पिता ने ही अपनी बेटी के आरोपों को खारिज कर दिया है। पिता का कहना है कि बेटी को कुछ नहीं हुआ है, वो बिल्कुल ठीक है।

मामले में अब तक के बड़े अपडेट्स.....
धोखे से पिलाया नशीला पदार्थ
पुलिस के मुताबिक, युवती IIM कोलकाता के छात्रावास में आरोपी महावीर टोपन्नवर उर्फ परमानंद जैन से मिलने गई थी। उसने शिकायत में कहा कि छात्र ने उसे पिज्जा और पानी में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे उसे चक्कर आने लगे।
विज़िटर बुक में नाम दर्ज नहीं
जांच में सामने आया कि युवती बाहर से आई थी, लेकिन उसने न तो गेट पर और न ही हॉस्टल के विज़िटर बुक में अपना नाम लिखा। पुलिस ने बताया कि अभी इस बात की जांच चल रही है कि युवती को नशा कैसे दिया गया।
आरोपी पुलिस हिरासत में
पुलिस ने आरोपी छात्र को गिरफ्तार कर 19 जुलाई तक हिरासत में भेज दिया है। IIM कोलकाता प्रशासन ने कहा है कि वे कैंपस में इस तरह की किसी भी घटना को बिल्कुल बर्दाश्त नहीं करेंगे। संस्थान ने पुलिस को पूरी मदद देने की बात कही है।
पिता बोले- ऑटो से गिरने से बेहोश हुई बेटी
इस मामले में एक नया मोड़ तब आया, जब युवती के पिता ने मीडिया से कहा कि उनकी बेटी के साथ कुछ गलत नहीं हुआ। उनके मुताबिक, लड़की ऑटो से गिर गई थी, जिससे उसे चोट लगी और होश चला गया। उन्होंने बताया कि उन्हें रात करीब 9:30 बजे फोन आया कि बेटी को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया है।
'मेरा बेटा ऐसा काम कर ही नहीं सकता'
आरोपी छात्र की मां ने भी बेटे का बचाव किया है। उनका कहना है कि उनका बेटा कभी इस तरह की 'गंदी हरकत' नहीं कर सकता।
राजनीति से दूर रहने की अपील
तृणमूल कांग्रेस (TMC) ने कहा है कि इस मामले को राजनीति से जोड़ने की बजाय पुलिस को निष्पक्ष जांच करने दी जाए। वहीं, भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री सुकांता मजूमदार ने भी निष्पक्ष जांच की मांग की है और कहा है कि वह इस बारे में IIM निदेशक से बात करेंगे।












Click it and Unblock the Notifications