नारदा स्टिंग मामला: ED ने चार्जशीट की दाखिल, बंगाल सरकार के दो मंत्रियों को बनाया आरोपी
नई दिल्ली, 1 सितंबर: बंगाल चुनाव खत्म होने के बाद भी वहां पर राजनीतिक सरगर्मियां काफी तेज हैं। कुछ दिनों पहले ईडी ने शारदा घोटाले में चार्जशीट दाखिल की थी। जिसमें टीएमसी नेता कुणाल घोष समेत कई का नाम आया था, तो वहीं बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय ने नारदा स्टिंग ऑपरेशन मामले में कोलकाता के पीएमएलए कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की। जिसमें बंगाल सरकार के मंत्री फिरहाद हकीम और सुब्रत मुखर्जी को आरोपी बनाया गया है। साथ ही पुलिस अधिकारी एसएमएच मिर्जा का भी नाम इसमें शामिल है। इसके बाद से बंगाल के राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा हुआ है।

जानकारी के मुताबिक बुधवार को मामले की विस्तृत चार्जशीट कोर्ट में पेश की गई। जिसमें मंत्री फिरहाद हाकिम और सुब्रत मुखर्जी, पूर्व मंत्री मदन मित्रा, कोलकाता के पूर्व मेयर सोवन चटर्जी और आईपीएस अधिकारी एस.एम.एच. मिर्जा का नाम है। ईडी के मुताबिक सभी आरोपी मनी लॉन्ड्रिंग केस में शामिल थे, जिस वजह से उनको ज्यादा से ज्यादा सजा दी जाए। साथ ही आरोपियों के कबूलनामे की जानकारी भी कोर्ट को ईडी ने उपलब्ध करवाई है।
जांच एजेंसी के मुताबिक आरोपी काला धन को व्हाइट मनी में तब्दील करना चाहते थे। इसके लिए उन्होंने एक कंपनी पक्ष लेने के एवज में रिश्वत कबूल की, जबकि सभी जिम्मेदार पदों पर बैठे थे। ऐसे में उनको ज्यादा से ज्यादा सजा देनी चाहिए। इससे पहले मई में सीबीआई ने इसी केस में चार आरोपियों फिरहाद हकीम, सुब्रत मुखर्जी, विधायक मदन मित्रा और पूर्व मेयर सोवन चटर्जी को गिरफ्तार किया था।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल नारदा न्यूज के सीईओ मैथ्यू सैमुएल ने पिछले साल बंगाल चुनाव से पहले एक स्टिंग किया। जिसमें वो एक कंपनी के प्रतिनिधि के तौर पर तृणमूल कांग्रेस के सात सांसदों, तीन मंत्रियों और कोलकाता नगर निगम के मेयर शोभन चटर्जी से मिले और उनको काम करवाने के एवज में मोटी रकम देते दिखाई दिए। वैसे टीएमसी इसे राजनीतिक साजिश बता रही थी, लेकिन सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सीबीआई और ईडी ने मामले की जांच शुरू कर दी थी।












Click it and Unblock the Notifications