Cyclone Yaas:कैसे खौफ से अलर्ट हुआ Indian Railways,जंजीरों से बांधी गई ट्रेनें
कोलकाता, 26 मई: यास चक्रवात ने रेलवे को कई ट्रेनें कैंसिल करने के लिए तो मजबूर किया ही है, तेज तूफानी हवाओं के चलते ट्रेन पटरियों पर खिसकर कोई बड़ी दुर्घटना की वजह न बन जाएं इसके लिए भी सतर्क होना पड़ा है। यही वजह है कि 'यास' प्रभावित इलाकों में भारतीय रेलवे ने ट्रेनों के पहियों को जंजीरों से बांध दिया है। इस बीच यास चक्रवात का ओडिशा में लैंडफॉल हो चुका है और ट्रेन सेवाओं पर इसका असर आने वाले कई दिनों तक नजर आने वाला है। पिछले कई दिनों से रेलवे ट्रेनें रद्द किए जा रहा है और इसकी लिस्ट लगातार बढ़ती जा रही है। अभी तक की जानकारी के मुताबिक कुछ ट्रेनें 30 मई तक के लिए यास के चलते कैंसिल हो चुकी हैं।

'यास' के डर से जंजीरों से बांधी गई ट्रेनें
चक्रवाती तूफान यास का आज दोपहर ओडिशा में लैंडफॉल हुआ। मौसम विभाग के मुताबिक यह सबसे पहले राज्य के धामरा पोर्ट से टकराया। इस दौरान 140 से लेकर 150 किलो मीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल रही थीं। यास की वजह से पहले से ही ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भारी बारिश की आशंका के मद्देनजर रेड अलर्ट जारी किया गया है और तटीय इलाके के लाखों लोगों को पहले से ही सुरक्षित जगहों पर शिफ्ट किया जा चुका है। यास की वजह से भारतीय रेलवे ने भी अपनी कई ट्रेनों को पहले ही रद्द कर दिया है और यह सिलसिला लगातार जारी है। लेकिन, यास के चक्रवाती तूफान का खौफ इसबार इतना था कि रेलवे को अपनी कई ट्रेनों के पहियों को लोहे की मोटी जंजीरों से बांधना पड़ गया। गौरतलब है कि बंगाल की खाड़ी में आए पिछले चक्रवातों के अनुभव को देखकर ही रेलवे ने हजारों टन वजनी ट्रेनों को इस तरह से सुरक्षित करने का फैसला किया है। रेलवे ने यास के दस्तक देने से पहले ही अपने कई कर्मचारियों को इस काम पर लगाकर किसी भी संभावित दुर्घटना को टालने के लिए यह कवायद पूरी कर ली थी।
Recommended Video

'यास' की वजह से 100 से ज्यादा ट्रेनें कैंसिल
बता दें कि यास चक्रवात की वजह से ओडिशा और पश्चिम बंगाल में सबसे ज्यादा तबाही की आशंका तो पहले से ही जाहिर की गई थी, इनके अलावा झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश, उत्तर प्रदेश समेत कुल 8 राज्यों के प्रभावित होने का अनुमान जताया गया है। कम से कम 5 एयरपोर्ट को तो बुधवार पूरे दिन के लिए बंद कर दिया गया है। ये एयरपोर्ट हैं भुवनेश्वर, कोलकाता, झारसुगुड़ा, दुर्गापुर और राउरकेला। इस बीच रेलवे की ओर से ट्रेनों को रद्द करने का सिलसिला लगातार जारी है। उत्तर-पूर्व रेलवे ने करीब 13 और ट्रेनों को अस्थायी तौर पर कैंसिल कर दिया है। वहीं उत्तर-पूर्वी सीमांत रेलवे और पश्चिम मध्य रेलवे ने भी कई ट्रेनें कैंसिल की हैं। इस तरह से यास चक्रवात के चलते रेलवे अबतक 100 से ज्यादा ट्रेनें कैंसिल कर चुका है।

उत्तर-पूर्व रेलवे ने कुछ ट्रेन को 27 मई तक किया रद्द
उत्तर-पूर्व रेलवे की जो ट्रेनें रद्द हुई हैं, उनमें शालीमार से 25 मई को गोरखपुर के लिए रवाना होने वाली 05021 नंबर की ट्रेन कैंसिल रहेगी। 25 मई को ही काठगोदाम से हावड़ा के लिए रवाना होने वाली 03020 बाघ एक्सप्रेस भी रद्द रहेगी। 26 मई को हावड़ा से प्रयागराज जाने वाली 02333 रामबाग स्पेशल ट्रेन भी कैंसिल कर दी गई है। रद्द हुई ट्रेनों में ट्रेन नंबर 03019-हावड़ा-काठगोदाम,ट्रेन नंबर 02334, ट्रेन नंबर 02319 कोलकाता-आगरा कैंट भी शामिल हैं। 26 मई की और जो ट्रेनें रद्द हुई हैं, उनमें कोलकाता-गुोरखपुर पूर्वांचल स्पेशल-05049, सियालदह-बलिया-03105, गोरखपुर-कोलकाता-05050 और 03106- बलिया-सियालदह स्पेशल भी शामिल हैं। इनके अलावा 27 मई को कोलकाता से आगरा कैंट के लिए रवाना होने वाली ट्रेन और ट्रेन नंबर 08181- टाटा-छपरा स्पेशल भी रद्द की गई हैं।

टिकट का पैसा यात्रियों को रिफंड किया जाएगा-रेलवे
उधर पश्चिम मध्य रेलवे ने यास चक्रवात के लिए जिन ट्रेनों को रद्द किया है, उनमें 30 मई को भोपाल-हावड़ा साप्ताहिक-03026 कैंसिल रहेगी। वहीं जबलपुर-हावड़ा शक्तिपुंज एक्सप्रेस-01447 भी 25 और 26 मई को नहीं रवाना होगी। जबकि, नॉर्थ-ईस्ट फ्रंटियर रेलवे ने चक्रवात यास की वजह से दक्षिण और कोलकाता की ओर जाने वाली लंबी दूरी की 38 ट्रेनों को 24 मई से 29 मई तक के लिए पहले ही रद्द कर दिया है। रेलवे ने बयान जारी कर कहा है कि टिकट का पैसा यात्रियों को रिफंड कर दिया जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications