कोयला घोटाला: नोटिस में मामूली गलती से रात को ED दफ्तर पहुंचीं अभिषेक बनर्जी की साली
नई दिल्ली, 12 सितंबर: प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोयला घोटाला मामले में तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी की साली मेनका गंभीर को समन जारी किया था, जिसमें गलती से दोपहर 12.30 की जगह रात 12.30 लिख दिया गया। जिस पर गंभीर रविवार रात अपने वकील के साथ कोलकाता के साल्ट लेक इलाके में स्थित ईडी के दफ्तर पहुंची थीं, लेकिन वहां पर ईडी का कोई अधिकारी नहीं मिला। नोटिस देखने के बाद नाइट गार्ड ने उनको अंदर जाने की इजाजत दे दी और उन्होंने वहां पर करीब 20 मिनट तक इंतजार किया। इसके बाद वो वापस चली गईं। हालांकि बाद में ईडी ने अपनी गलती सुधारते हुए उन्हें 12 सितंबर की दोपहर 12.30 बजे आने को कहा।
Recommended Video

वहीं दूसरी ओर मेनका गंभीर रविवार को कोलकाता एयरपोर्ट से बैंकॉक जाने वाली थीं, लेकिन वहां पर ईडी के अधिकारी पहुंच गए। उन्होंने उनको विदेश जाने वाली फ्लाइट पर चढ़ने की इजाजत नहीं दी। सूत्रों के मुताबिक मेनका के खिलाफ जारी लुकआउट सर्कुलर के आधार पर उनको विदेश यात्रा की इजाजत नहीं दी गई। पहले ईडी की टीम उनसे पूछताछ करना चाहती थी।
हाईकोर्ट ने दिए थे ये निर्देश
मेनका गंभीर को ईडी ने 5 सितंबर को दिल्ली में पेश होने का समन दिया था। जिसके बाद वो इस मामले को लेकर कलकत्ता हाईकोर्ट पहुंच गई थीं। वहां पर सभी पक्षों को सुनने के बाद कोर्ट ने कहा कि गंभीर से दिल्ली या किसी अन्य जगह की बजाए कोलकाता स्थित ईडी दफ्तर में पूछताछ की जाए। इसके अलावा उनके खिलाफ बलपूर्वक कोई कार्रवाई ना हो। ईडी इससे पहले इस मामले में अभिषेक बनर्जी और उनकी पत्नी रुजिरा से पूछताछ कर चुकी है।
टीएमसी ने बताया बदले की राजनीति
टीएमसी नेता इस कार्रवाई को बदले की राजनीति बता रहे हैं। उन्होंने कहा कि गंभीर ने ईडी के क्षेत्रीय कार्यालय में सूचित किया था कि वो विदेश जा रहीं, इसके बावजूद उनके खिलाफ ऐसी कार्रवाई हुई। मेनका गंभीर के करीबियों के मुताबिक वो देश के कानून का पालन करती हैं, इस वजह से उन्होंने तुरंत अपनी यात्रा रद्द कर दी। वो पूछताछ में ईडी का पूरा सहयोग करेंगी।












Click it and Unblock the Notifications