बंगाल: मंत्री फिरहाद हाकिम और MLA मदन मित्रा पर CBI का शिकंजा, 15 ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी
CBI Raids in West Bengal: पश्चिम बंगाल के मंत्री फिरहाद हकीम और टीएमसी विधायक मदन मित्रा के 15 ठिकानों पर सीबीआई की छापेमारी जारी है। नागरिक निकाय भर्ती में कथित अनियमितताओं के संबंध में सीबीआई ने ये कार्रवाई की है।
शहरी विकास और नगरपालिका मामलों के मंत्री हकीम कोलकाता के महापौर भी हैं। वह तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हैं और पार्टी संगठन में अच्छा खासा प्रभाव रखते हैं। अधिकारियों के मुताबिक, सीबीआई अधिकारियों की एक टीम केंद्रीय बलों की एक बड़ी टुकड़ी के साथ दक्षिण कोलकाता के चेतला इलाके में हकीम के आवास पर पहुंची।

समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक सीबीआई के दो अधिकारी हकीम से पूछताछ कर रहे हैं। सीबीआई टीम ने जैसे ही छापेमारी शुरू की, हकीम के समर्थक उनके आवास के बाहर जमा हो गए और विरोध-प्रदर्शन शुरू कर दिया।
इसके अलावा सीबीआई की एक टीम ने पूर्व मंत्री और उत्तर 24 परगना जिले के कमरहाटी से विधायक मित्रा के भवानीपुर इलाके में स्थित आवास पर भी छापेमारी की। मदन मित्रा का घर चेतला में हकीम के आवास से करीब तीन किलोमीटर दूर है। हकीम और मित्रा दोनों को नारदा स्टिंग ऑपरेशन मामले में सीबीआई ने 2021 में गिरफ्तार किया था। मित्रा को शारदा चिट फंड घोटला मामले में सीबीआई 2014 में भी गिरफ्तार कर चुकी है।
इससे पहले, गुरुवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने मामले की जांच के सिलसिले में खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री रथिन घोष के आवास सहित कई स्थानों की तलाशी ली थी। केंद्रीय जांच एजेंसियों का आरोप है कि 2014 से 2018 के बीच राज्य के विभिन्न नागरिक निकायों ने पैसों के बदले में लगभग 1,500 लोगों को अवैध रूप से नियुक्त किया था।
वहीं सीबीआई टीम की छापेमारी पर टीएमसी नेता सुदीप बंद्योपाध्याय ने कहा कि अब कुछ समय से दिख रहा है कि ईडी और सीबीआई वैसे ही काम कर रही है जैसा बीजेपी चाहती है। यह ठीक नहीं है। आज एनडीए की सरकार है, कल बदल भी सकती है लेकिन ईडी और सीबीआई वहीं रहेगी। जब भी ईडी ने समन किया है तो हमारी पार्टी के किसी भी नेता ने टाला नहीं है। हमारी पार्टी का फैसला ईडी के सवालों का जवाब देना और जांच में सहयोग करना है।












Click it and Unblock the Notifications