Bengal Politics: बरूईपुर में ऐसा क्या हुआ कि BJP बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाने की करने लगी मांग
Bengal Politics: पश्चिम बंगाल में सियासी तापमान एक बार फिर बढ़ता नजर आ रहा है। दक्षिण 24 परगना जिले के बरूईपुर में हुई घटनाओं के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राज्य में राष्ट्रपति शासन लगाने की मांग तेज कर दी है।
बुधवार को पश्चिम बंगाल के विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी बरूईपुर में एक रैली करने वाले थे, लेकिन इससे पहले ही वहां हिंसा भड़क उठी। अधिकारी का दावा है कि जैसे ही वे बरूईपुर पहुंचे, उनकी गाड़ी पर हमला किया गया।

Bengal Politics: बरूईपुर में क्या हुआ?
अधिकारी ने कहा, 'अगर मैं गाड़ी के अंदर नहीं होता, तो मेरा सिर फूट सकता था।' बीजेपी का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस (TMC) के समर्थकों ने न केवल उनकी गाड़ी पर हमला किया, बल्कि उनके खिलाफ 'चोर-चोर' के नारे भी लगाए और उन्हें काले झंडे दिखाए।
टीएमसी और बीजेपी के समर्थकों के बीच तनाव इतना बढ़ गया कि भाजपा को अपनी रैली रद्द करनी पड़ी। अधिकारी ने इसे लेकर सख्त प्रतिक्रिया दी और कहा, 'मैं किसी से डरता नहीं हूं, लेकिन इन सबका हिसाब होगा।' उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस भी निष्पक्षता से काम नहीं कर रही है और तृणमूल का पक्ष ले रही है।
Bengal BJP: बंगाल में राष्ट्रपति शासन की मांग
इस घटना के बाद सुवेंदु अधिकारी ने मांग की कि पश्चिम बंगाल में राष्ट्रपति शासन लगाया जाए। उनका कहना है कि राज्य में निष्पक्ष चुनाव (2026 में)संभव नहीं है और केंद्र सरकार को तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए। उन्होंने चुनाव आयोग से भी इस मामले में संज्ञान लेने की अपील की।
बीजेपी का कहना है कि राज्य सरकार विपक्षी दलों को काम करने नहीं दे रही है और लोकतांत्रिक व्यवस्था को बाधित किया जा रहा है। अधिकारी ने यह भी आरोप लगाया कि विधानसभा अध्यक्ष विपक्षी विधायकों को बोलने की अनुमति नहीं देते। उन्होंने कहा कि वे इस मुद्दे को लोगों के सामने उठाएंगे और पश्चिम बंगाल विधानसभा में भी इस पर चर्चा करेंगे।
Bengal TMC: तृणमूल कांग्रेस का क्या कहना है?
भाजपा की इस मांग पर तृणमूल कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। पार्टी के राज्य उपाध्यक्ष जयप्रकाश मजूमदार ने कहा कि बीजेपी को अगले चुनाव में जनता जवाब देगी। टीएमसी ने भाजपा पर भी आरोप लगाया कि वे उनके कार्यक्रमों में बाधा डाल रहे हैं।
तृणमूल कार्यकर्ताओं ने भी बरूईपुर में प्रदर्शन किए और बीजेपी पर आरोप लगाया कि वे जानबूझकर राज्य में अस्थिरता फैलाने की कोशिश कर रहे हैं।
Bengal Politics: आगे क्या होने वाला है?
बरूईपुर में बिगड़े हालातों के बीच बीजेपी ने प्रशासन के खिलाफ भी मोर्चा खोल दिया है। बीजेपी के जादवपुर जिला अध्यक्ष मनोरंजन जोवारदार ने पुलिस पर तृणमूल के प्रति पक्षपाती होने का आरोप लगाया और कहा कि पुलिस प्रशासन निष्पक्षता से काम नहीं कर रहा है। उन्होंने टीएमसी कार्यकर्ताओं की ओर से लाउडस्पीकरों के नियमों का उल्लंघन करने की भी शिकायत की।
भाजपा ने हालांकि बरूईपुर में अपने प्रस्तावित मार्च को अभी रद्द कर दिया, लेकिन सुवेंदु अधिकारी ने घोषणा की है कि 27 मार्च को वे पुलिस अधीक्षक के कार्यालय का घेराव करेंगे। उन्होंने कहा, 'हम 27 मार्च को अपनी ताकत दिखाएंगे और न्याय की मांग करेंगे। जब तक हमें न्याय नहीं मिलेगा, हम पीछे नहीं हटेंगे।'(इनपुट-पीटीआई)












Click it and Unblock the Notifications