पश्चिम बंगाल के हावड़ा में फिर भड़की हिंसा, सीएम ममता ने कहा- दंगों के पीछे BJP का हाथ
हावड़ा में रामनवमी के दिन शोभायात्रा के दौरान हिंसा और आगजनी हुई थी। इस बीच हावड़ा में लगातार दूसरे दिन तनाव देखा जा रहा है।

पश्चिम बंगाल के हावड़ा में रामनवमी के जुलूस के दौरान भड़की हिंसा को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बीजेपी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। इसी बीच शुक्रवार को भी हावड़ा में फिर से हिंसा भड़क गई। ममता बनर्जी ने इस घटना को बीजेपी की साजिश बताया है। ममता ने आरोप लगाया कि बीजेपी बंगाल के माहौल को खराब करना चाहती है। ममता बनर्जी ने कहा कि हिंसा के लिए हिंदू नहीं, बल्कि बीजेपी जिम्मेदार है। उधर बीजेपी ने ममता बनर्जी पर पटलवार करते हुए झूठ बोलने का आरोप लगाया है।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि उन्होंने रामनवमी रैली को नहीं रोका। उन्होंने भाजपा पर एक महीने पहले से हिंसा की योजना बनाने का आरोप लगाया। टीएमसी सुप्रीमो ने कहा कि यह सांप्रदायिक मुद्दा नहीं है बल्कि भाजपा प्रायोजित हिंसा है। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि अल्पसंख्यक समुदाय रमजान के दौरान रोजा रख रहा है और वे हिंसा की पहल नहीं कर सकते। हिंसा में शामिल लोग स्थानीय नहीं हैं। वे सभी बाहर से लाए गए थे। ममता बनर्जी ने विपक्ष से भाजपा के खिलाफ लड़ाई लड़ने की भी अपील की।
ममता ने कहा कि, राज्य में कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं है। अपराधियों का कोई धर्म नहीं होता। इस मामले में हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। हावड़ा हिंसा में 41 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिन्होंने हिंसा भड़काई वह लोग हिंदू नहीं थे, उन्हें बाहर से लाया गया था। बीजेपी ने सुनियोजित तरीके से सोची-समझी साजिश के तहत हिंसा फैलाई। बीजेपी बंगाल को अशांत करना चाहती है।
हावड़ा में शुक्रवार को फिर झड़प हुई हैं। आज भी पत्थरबाजी की एक घटना हुई। सुरक्षाकर्मी स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं। शिबपुर इलाके में जिस सड़क पर घटना हुई थी, उसे यातायात के लिए खोलने के कुछ ही घंटों बाद वहां पथराव और आगजनी की ताज़ा घटनाओं की सूचना मिली। बता दें कि शिबपुर इलाके में झड़पों के बाद कम से कम 36 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जहां रामनवमी के जुलूस के दौरान कथित भड़काऊ नारेबाजी और पथराव के बाद कई वाहनों में आग लगा दी गई।
पश्चिम बंगाल हिंसा पर कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि, पश्चिम बंगाल से राज्यसभा सांसद होने के नाते मैं ऐसी घटना पर दुख और चिंता व्यक्त करता हूं। हमारी संस्कृति एक दूसरे के त्योहारों का सम्मान करने वाली है। राज्य सरकार को ऐसी घटनाओं के लिए ज़िम्मेदार ठहराना ठीक नहीं है। बता दें कि राम नवमी के अवसर पर देश के कई राज्यों में हिंसा देखने को मिली। हावड़ा के अलावा गुजरात के वडोदरा, महाराष्ट्र के संभाजीनगर और जलगांव में भी हिंसा की घटनाएं सामने आई हैं।












Click it and Unblock the Notifications