Weather Update : वाराणसी में बारिश व ओलावृष्टि से फसलें बर्बाद, करंट लगने से वृद्ध महिला और युवक की मौत
वाराणसी में मंगलवार की रात्रि में मूसलाधार बरसात और ओलावृष्टि के चलते जहां फसलें नष्ट हो गई वहीं दो लोगों की मौत भी हो गई।

Weather Update : वाराणसी में मंगलवार की रात्रि में मूसलाधार बारिश और ओलावृष्टि के चलते फसलें काफी हद तक बर्बाद हो गई। फसल बर्बाद होने से किसान काफी परेशान नजर आ रहे हैं। इसके अलावा वाराणसी में बारिश के दौरान बिजली विभाग की लापरवाही भी सामने आई। बिजली विभाग की लापरवाही के चलते भेलूपुर थाना क्षेत्र के तुलसी नगर कॉलोनी में रात्रि में बिजली की चपेट में आने से एक महिला और एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसी तरह वाराणसी में गंगा नदी के उस पार रेत पर बनाई गई टेंट सिटी को भी आंधी के चलते काफी क्षति पहुंची। कुछ टेंट हवा में उड़ गए और दो लोग घायल हो गए।
गेहूं, चना, सरसों और आम की फसल को काफी नुकसान
वाराणसी जिले के किसानों से बात किया गया तो उन्होंने बताया कि बरसात और ओलावृष्टि के चलते सर्वाधिक नुकसान गेहूं, चना, सरसों और आम की फसल को हुआ है। किसानों ने यह भी बताया कि अभी 2 दिन पूर्व हुई मूसलाधार बरसात और तेज हवा के चलते गेहूं की फसल लेट गई थी। उसे खड़ी करने का प्रयास किया जा रहा था, इसी बीच मंगलवार की रात्रि में मूसलाधार बरसात के साथ ही ओलावृष्टि के चलते फसल पूरी तरह बर्बाद हो गई है। खेतों में काट कर रखी गई और खड़ी सरसों की फसल को भी ओलावृष्टि के चलते काफी नुकसान पहुंचा है। इसके अलावा चना और आम की फसल को भी ओलावृष्टि और मूसलाधार वर्षा से काफी हानि हुई है, जिसके चलते पैदावार में काफी कमी देखने को मिलेगी।
बारिश के पानी में उतरा करंट, दो की मौत
वाराणसी में मूसलाधार बरसात होने के बाद शहर के भेलूपुर थाना क्षेत्र के तुलसी नगर स्थित प्रेम तिराहे के समीप एकत्र हुए वर्षा जल में करंट उतरने लगा। करंट उतरने के चलते बाइक सवार वृद्ध महिला और व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान सराय नंदन निवासी 45 वर्षीय शंभू नाथ पांडेय और 65 वर्षीय सरोज सिंह के रूप में की गई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि शंभूनाथ अपनी बाइक से अपने घर वापस लौट रहे थे, इसी बीच उनके इलाके की ही रहने वाली 65 वर्षीय सरोज सिंह वाहन का इंतजार कर रही थी और वह भी शंभू नाथ की बाइक पर बैठकर घर के लिए निकल पड़ी। दोनों थोड़ी ही दूर पहुंचे होंगे इसी बीच सड़क पर बने गड्ढे में भारी मात्रा में बरसात का पानी जमा था और उस पानी में करंट उतर रहा था। बाइक वहां पहुंचते ही दोनों करंट की चपेट में आ गए। घटनास्थल पर मौजूद लोग जब तक कुछ समझ पाते तब तक दोनों की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद भेलूपुर इंस्पेक्टर रमाकांत दुबे मौके पर पहुंचे और दोनों का शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए।
हवा में उड़ टेंट, दो लोग हुए घायल
इसी तरह तेज हवा और मूसलाधार बरसात के चलते मंगलवार की रात्रि में गंगा नदी किनारे रेत पर बनी टेंट सिटी को भी काफी नुकसान हुआ। मीडिया रिपोर्ट की मानें तो तेज हवा के चलते टेंट सिटी के कई पंडाल और टेंट हवा में उड़ गए। इस दौरान टेंट सिटी में ठहरा हुए बंगाली परिवार के कुछ सदस्य चोटिल हो गए। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया वहां से उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। हालांकि इस बारे में पुलिस और टेंट सिटी के लोगों द्वारा स्पष्ट रूप से कोई जानकारी नहीं दी गई। इसी तरह श्री काशी विश्वनाथ मंदिर परिसर के बाहर ललित कैनोपी हवा में उड़ गई। उसकी चपेट में आने से दरोगा कमलेश यादव के सिर तथा कांस्टेबल मनोज के पैर में चोट लग गई।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications