Varanasi: लड़कियों को छेड़ने से रोका तो खिला दिया पूरे परिवार को गुलाब जामुन में जहर, 7 की हालत गंभीर
दो युवकों ने एक चायवाले से ऐसी खुन्नस निकाली कि अब उस बेचारे चायवाले का पूरा परिवार अस्पताल में ज़िंदगी की जंग लड़ रहा है। इन युवकों ने चायवाले को मिठाई के नाम पर जहर दे दिया, जो उसके परिवार के 7 लोगों ने खा ली।

उत्तर प्रदेश के वाराणसी जिले में युवकों को छेड़छाड़ करने से मना करना एक चाय वाले को बहुत महंगा पड़ गया। चाय के दुकानदार ने युवकों को जब आने जाने वाली लड़कियों के साथ छेड़छाड़ करने से रोका तो युवक नाराज हो गए। नाराज युवकों ने कुछ दिनों के बाद चाय बेचने वाले के परिवार को गुलाब जामुन में जहर मिलाकर प्रसाद के नाम पर खिला दिया। जिसके बाद परिवार के सात लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है।

छेड़खानी करने से रोका तो रची खतरनाक साजिश
बता दें कि वाराणसी जिले के जैतपुरा थाना क्षेत्र के जमालुद्दीनपूरा में बबलू राजभर की चाय की दुकान है। चाय की दुकान पर लल्लापुरा निवासी दो युवक नौशाद अली और मुमताज चाय पीने के लिए आया करते थे। इस दौरान दोनों युवकों के द्वारा लड़कियों के साथ छेड़छाड़ की जाती थी। दोनों युवक लड़कियों पर भद्दे- भद्दे कमेंट करते थे। इसी बात से नाराज होकर बबलू ने दोनों युवकों को जमकर फटकार लगाई थी, जिसके बाद दोनों युवक नाराज हो गए और दुकान पर वापस नहीं आए।

पूरे परिवार ने खाए जहर वाले गुलाब जामुन
गुरुवार को दोनों युवक वापस दुकान पर आये और दुकानदार को मिठाई का डब्बा दिया। डब्बे में गुलाब जामुन थे, जिसे युवकों ने प्रसाद बताकर बबलू को दे दिया। बबलू मिठाई का डब्बा लेकर अपने घर पर गया, जहां पर परिवार के सभी लोगों ने वो मिठाई खा ली। हालांकि बबलू ने मिठाई को नहीं खाया। मिठाई खाने के बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। आनन-फानन में सभी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सभी की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों युवकों को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ में जुट गई है।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications