Varanasi Weather: पूर्वांचल में बदला मौसम, लोगों को मिलेगी गर्मी से राहत, जानें अगले एक हफ्ते का हाल
Varanasi Weather Update: वाराणसी में बुधवार को लोगों को गर्मी से राहत मिली, लेकिन बारिश होने में अभी समय लग सकता है। वाराणसी समेत पूरे पूर्वांचल में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए हुए हैं और मौसम काफी खुशनुमा बना हुआ है
Varanasi Weather Update: कई दिनों की भीषण गर्मी के बाद पूर्वांचल में मौसम धीरे-धीरे सामान्य हो रहा है। बुधवार को वाराणसी सहित आसपास के जिलों में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहे, जिससे मौसम काफी सुहावना हो गया है। गर्मी से परेशान लोगों को भी अब राहत मिली है।
मौसम विभाग की वेबसाइट के अनुसार 21 जून से वाराणसी समेत आसपास के जनपदों में गरज चमक के साथ बूंदाबांदी भी हो सकती है। वाराणसी का न्यूनतम तापमान 28 डिग्री और अधिकतम 42 डिग्री के बीच रह सकता है। जबकि पिछले दिनों वाराणसी में तापमान 44 से 45 डिग्री तक पहुंच गया था।

तापमान अधिक होने के कारण लोगों को हीटवेव का सामना करना पड़ रहा था तथा भीषण गर्मी ने लोगों को बेहाल कर रखा था। वाराणसी के साथ ही आसपास के जनपदों में भी लू के चलते लोगों की मौत की बात सामने आ रही थी।
सोमवार रात में चंदौली में तैनात उप निरीक्षकों की अचानक मौत हो गई थी। साथी पुलिसकर्मियों द्वारा संभावना जताई गई कि हीट वेव के चलते ही दोनों उप निरीक्षकों की मौत हुई है। हालांकि इस बारे में चिकित्सकों द्वारा कोई खास जानकारी नहीं दी गई।
फिलहाल, बुधवार से वाराणसी समेत आसपास के जनपदों में आसमान में बादल दिखाई दे रहे हैं और मौसम काफी खुशनुमा है। मौसम वैज्ञानिकों की माने तो प्री मानसून के तहत बुधवार को वाराणसी समेत आसपास के जनपदों में छिटपुट वर्षा भी हो सकती है। वर्षा नहीं होती है तो भी मौसम ठंडा रहेगा।
25 जून तक कैसा रहेगा मौसम: मौसम विभाग की वेबसाइट पर जारी आंकड़ों की माने तो 21 जून को आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ बारिश या गरज के साथ छींटे या धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। तापमान 28 से 40 के बीच रहेगा।
इसी तरह 22 जून और 23 जून को भी आंशिक रूप से बादल छाए रहने के साथ बारिश या गरज के साथ छींटे या धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। हालांकि 22 जून को मैक्सिमम 39 और 23 जून को मैक्सिमम 36 डिग्री तापमान रहने का अनुमान है।
इसके अलावा 24, 25 और 26 जून को मौसम में काफी बदलाव देखने को मिलेगा। 24 व 25 जून को अधिकतम तापमान 37 जबकि 26 जून को अधिकतम तापमान 35 डिग्री पर पहुंच जाएगा। मौसम विभाग की वेबसाइट के पूर्वानुमान के मुताबिक 21 जून से ही लोगों को गर्मी से राहत मिलने की बात कही गई थी, जो सही प्रतीत हो रही है।












Click it and Unblock the Notifications