NEET सॉल्वर गैंग के मास्टरमाइंड 'PK' की हुई पहचान, तलाश में जुटी पुलिस
वाराणसी, 19 सितंबर: वाराणसी पुलिस ने नीट सॉल्वर गैंग के सरगना की पहचान कर ली है। वाराणसी पुलिस आयुक्त ए सतीश गणेश के अनुसार, वाराणसी पुलिस ने नीट सॉल्वर गैंग के कथित मास्टरमाइंड की पहचान की है। उन्होंने बताया कि 'पीके' के रूप में पहचाने जाने वाले मास्टरमाइंड का असली नाम नीलेश सिंह है। वह अपने परिवार के साथ फरार है। नीलेश बिहार के छपरा शहर के रहने वाला है, जो पटना में रहता है। उन्होंने कहा कि नीलेश पहली बार पुलिस के रडार पर आया है।

उम्मीदवारों से मोटी रकम वसूलता था गैंग
पुलिस के एक प्रेस नोट के अनुसार, गिरोह मूल उम्मीदवारों के स्थान पर नीट परीक्षा में बैठता है और उन्हें परीक्षा पास करने में मदद करता है। गिरोह कथित तौर पर उम्मीदवारों से उनकी परीक्षा में बैठने और परीक्षा को क्रैक करने में उनकी मदद करने के लिए मोटी रकम लेता है। कमिश्नर के अनुसार, मामले से संबंधित और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।
वाराणसी पुलिस ने 7 दिन में खंगाली PK की पूरी कुंडली
नीलेश सिंह नीट परीक्षा में यूपी-बिहार, दिल्ली से लेकर त्रिपुरा तक सॉल्वर गैंग का सरगना है। पिछले सात दिनों में वाराणसी ने गैंग के सरगना की पूरी कुंडली खंगाल ली है। पुलिस अब बिहार में पटना और छपरा से लेकर उसके छिपने वाले किसी भी संभावित स्थान तक तलाश कर रही है। प्रारंभिक जांच में आरोपित के पिता के अकाउंट में पैसे मंगाने की जानकारी सामने आने के बाद अब पीके के परिजन भी पुलिस के राडार पर आ चुके हैं।
परिवार के साथ फरार हुआ पीके, खुद को बताया था डॉक्टर
नीलेश उर्फ पीके बिहार के छपरा जिले एकमा थाना क्षेत्र के चंदवा गांव का रहने वाला है। वर्तमान में उसका पता पटना की पाटलिपुत्र कॉलोनी है, जहां वह अपने परिवार के साथ रहता है। जानकारी के मुताबिक, पटना में पीके के पास 4 मंजिला आलीशान मकान, महंगी गाड़ियां भी हैं। पीके खुद को डॉक्टर बताता था। पुलिस के रडार पर आते ही पीके उर्फ नीलेश अब अपने परिवार के साथ फरार हो गया है।












Click it and Unblock the Notifications