CM Yogi Varanasi: वाराणसी दौरे से पहले सीएम योगी की सख्ती, पीएम मोदी के स्वागत की तैयारियों का लिया जायजा
CM Yogi Varanasi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संभावित दौरे को ध्यान में रखते हुए वाराणसी में चल रही सभी तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं।
खासतौर पर जिन परियोजनाओं का उद्घाटन या शिलान्यास होना है, उनकी तैयारियों पर विशेष ध्यान दिया जाए। मुख्यमंत्री ने पीएम की जनसभा को लेकर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और वहां आने वाले लोगों की सुविधा के लिए विशेष इंतजाम करने के निर्देश भी दिए।

जनसभा स्थल पर होंगे विशेष इंतजाम
सीएम योगी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीएम मोदी की जनसभा में आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके लिए छाया, पेयजल, मोबाइल टॉयलेट और शौचालय की समुचित व्यवस्था की जाए। इसके अलावा, गर्मी को देखते हुए ओआरएस पैकेट्स की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने पार्किंग, ट्रैफिक प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने पर भी जोर दिया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने वाराणसी में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने हरिश्चंद्र घाट और मणिकर्णिका घाट पर चल रहे निर्माण कार्यों को मानसून से पहले पूरा करने का निर्देश दिया। इसके अलावा, शवदाह प्रक्रिया में गोबर के कंडों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की भी सलाह दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास योजनाओं में अनावश्यक बदलाव नहीं किए जाने चाहिए, ताकि परियोजनाओं में देरी न हो।
जल जीवन मिशन पर जताई नाराजगी
बैठक के दौरान जल जीवन मिशन के कार्यों की समीक्षा भी की गई। मुख्यमंत्री ने हर घर तक पेयजल पहुंचाने की योजना को तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने चीफ इंजीनियर से संतोषजनक जवाब न मिलने पर नाराजगी जाहिर की और भविष्य में पूरी तैयारी के साथ आने की चेतावनी दी। सीएम योगी ने उन गांवों में भी जल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जहां अब तक पेयजल कनेक्शन नहीं पहुंच पाया है।
नमो घाट की गुणवत्ता पर सवाल
मुख्यमंत्री ने नमो घाट पर जमीन धंसने की घटना को गंभीरता से लिया और इसकी गुणवत्ता की जांच कराने का आदेश दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जल्द से जल्द घाट की मरम्मत कराई जाए ताकि लोगों को कोई असुविधा न हो। इसके अलावा, वरुणा रिवर फ्रंट के सुंदरीकरण को लेकर भी निर्देश दिए गए।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि वाराणसी में अपराधों पर सख्ती से लगाम लगाई जाए। उन्होंने खासतौर पर लव जिहाद और धर्मांतरण की घटनाओं को रोकने के लिए तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। गौ-तस्करी पर प्रभावी रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने की भी बात कही।
मुख्यमंत्री ने नगर निगम को निर्देश दिया कि शहर में स्वच्छता अभियान को व्यापक स्तर पर चलाया जाए। उन्होंने कहा कि आम जनता, जनप्रतिनिधियों और संगठनों को इसमें शामिल किया जाए ताकि यह एक जन आंदोलन का रूप ले सके। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और इसे प्रभावी रूप से लागू करने पर भी जोर दिया।
इससे पहले, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राजातालाब के पास मेहंदीगंज में पीएम मोदी की संभावित जनसभा स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें अब तक की तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। सीएम योगी ने इस दौरान सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए।












Click it and Unblock the Notifications