Varanasi News: किसने किया वाराणसी में अफीम की खेती का पर्दाफाश? वायरल वीडियो ने खोली पोल, जाने पूरा मामला
Varanasi News: वाराणसी के चौबेपुर थाना क्षेत्र में गंगा किनारे सरकारी जमीन पर अफीम की खेती का बड़ा खुलासा हुआ है। गंगबरार क्षेत्र में करीब एक हेक्टेयर में फैली इस अवैध खेती को नारकोटिक्स विभाग की टीम ने नष्ट कर दिया। हालांकि, अब तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
इस अवैध कारोबार का खुलासा तब हुआ जब एक स्थानीय व्यक्ति ने वहां की वीडियो रील बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दी। इसके बाद पुलिस और नारकोटिक्स विभाग की टीमें हरकत में आईं। बताया जा रहा है कि यह धंधा पिछले तीन सालों से चल रहा था, लेकिन इस साल इसमें कई नए लोग भी शामिल हो गए थे।

गुपचुप तरीके से हो रही थी खेती
स्थानीय लोगों के मुताबिक, शुरू में सिर्फ चार से पांच लोग ही अफीम की खेती कर रहे थे, लेकिन इस साल करीब 12 से अधिक लोग इसमें शामिल हो गए थे। सरकारी जमीन का फायदा उठाकर ये लोग गंगा किनारे छिपकर अफीम उगा रहे थे।
नारकोटिक्स विभाग की लखनऊ और गाजीपुर टीमों ने संयुक्त अभियान चलाकर अफीम की फसल को नष्ट कर दिया। हालांकि, अभी तक किसी भी आरोपी की पहचान नहीं हो पाई है। स्थानीय पुलिस भी इस मामले की जांच में जुटी हुई है।
गांव में चर्चा का विषय बनी अफीम की खेती
घटना के बाद पूरे इलाके में अफीम की खेती चर्चा का विषय बनी हुई है। गुरुवार को बड़ी संख्या में लोग खेतों में जमा होकर इस पर चर्चा करते नजर आए। पुलिस की टीम भी लगातार इलाके का निरीक्षण कर रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि इतने बड़े स्तर पर खेती होने के बावजूद पुलिस या प्रशासन को पहले इसकी भनक क्यों नहीं लगी। वहीं, नारकोटिक्स विभाग का कहना है कि इस मामले में जल्द ही दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
चौबेपुर थाना प्रभारी जगदीश कुशवाहा के मुताबिक, जहां अफीम की खेती की जा रही थी, वह जमीन सरकारी थी और किसी व्यक्ति के स्वामित्व में नहीं थी। अब तक इस मामले में किसी ने कोई शिकायत भी दर्ज नहीं कराई थी।
फिलहाल पुलिस और नारकोटिक्स विभाग इस बात की जांच कर रहे हैं कि इस अवैध खेती के पीछे कौन-कौन लोग शामिल थे। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी अपील की है कि वे इस तरह की अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।












Click it and Unblock the Notifications