Varanasi News: तेजी से बढ़ रही है डेंगू के मरीजों की संख्या, रिपोर्ट के लिए करना पड़ रहा इंतजार
Varanasi News: वाराणसी में डेंगू के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। डेंगू के मरीजों की बढ़ती संख्या से हर कोई हैरान है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग की ओर से जिले में 70 स्थानों को हॉटस्पॉट प्वाइंट के रूप में चिह्नित किया गया है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा चिह्नित स्थानों पर एंटी लार्वा का छिड़काव कराया जा रहा है। इसके अलावा कई लोग मलेरिया और वायरल बुखार से भी पीड़ित हैं। गांवों से लेकर शहर तक के अस्पतालों में मरीजों की संख्या बढ़ गई है।

स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि डेंगू मलेरिया और मच्छर जनित बीमारियों से लोगों को बचाने के लिए वाराणसी जिले के शहरी क्षेत्र में 70 हॉटस्पॉट पॉइंट बनाए गए हैं। इन स्थानों पर सबसे ज्यादा डेंगू और मलेरिया के मामले मिले हैं। मच्छर पनपने ना पाए इसके लिए एंटी लार्वा का छिड़काव किया जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों द्वारा यह भी बताया गया कि लोगों को साफ सफाई के प्रति जागरूक किया जा रहा है, इसके अलावा घर और आसपास में जमा हुए गंदे पानी को साफ करने तथा उसमें दवा का छिड़काव करने के लिए भी कहा जा रहा है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार वाराणसी में मौजूदा समय में 140 से अधिक लोग डेंगू से ग्रसित हैं। इसके अलावा मलेरिया और चिकनगुनिया के मामले भी सामने आ रहे हैं। शहर से लेकर गांव तक सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में लोगों को जांच करने के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
रिपोर्ट की माने तो वाराणसी के पंडित दीनदयाल राजकीय अस्पताल में प्रतिदिन 4 से 500 सैंपल लिए जा रहे हैं, इसी तरह बीएचयू में भी प्रतिदिन 200 से अधिक सैंपल लिए जा रहे हैं। पंडित दीनदयाल राजकीय अस्पताल में सैंपल देने के बाद लोगों को रिपोर्ट के लिए दो से तीन दिन का इंतजार करना पड़ रहा है।
हालांकि सीएमओ डॉक्टर संदीप चौधरी द्वारा बताया गया कि इस समय वायरल फीवर से अधिक लोग ग्रसित हैं। जिले के सभी सरकारी अस्पतालों पर दवाइयां उपलब्ध हैं। उन्होंने यह भी कहा कि जांच करने के बाद लोगों के मोबाइल पर ही रिपोर्ट मिल जा रही है। साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि भयभीत होने की जरूरत नहीं है। बचाव के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि बुखार होने पर शरीर में पानी की कमी न होने दें इसके अलावा नारियल पानी, चाय, कॉफी और जूस का सेवन करते रहें।












Click it and Unblock the Notifications