Varanasi News: सुगम दर्शन टिकट को लेकर फैली अफवाहों पर विराम, श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन की सफाई
Varanasi News: काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन व्यवस्था को लेकर फैल रही अफवाहों पर मंदिर प्रशासन ने विराम लगा दिया है। हाल ही में सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा था कि सुगम दर्शन टिकट के दाम बढ़ा दिए गए हैं।
इन दावों को लेकर श्रद्धालुओं के बीच भ्रम की स्थिति बन गई थी। कई लोग इसे लेकर पूछताछ कर रहे थे। इसी को देखते हुए श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया कि टिकट की कीमत में कोई भी बढ़ोतरी नहीं की गई है।

प्रशासन के अनुसार सुगम दर्शन टिकट की मौजूदा कीमत 250 रुपये ही है जो पहले से तय है। इसमें न तो कोई वृद्धि की गई है और न ही अभी शुल्क बढ़ाने को लेकर कोई विचार किया जा रहा है।
केवल आधिकारिक जानकारी पर करें भरोसा
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्व भूषण मिश्र ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर स्तर पर प्रयास जारी हैं। 'सुगम दर्शन' सुविधा का उद्देश्य भीड़ प्रबंधन और सुगमता है।
उन्होंने कहा कि कुछ श्रद्धालु अपने समय और सुविधा के अनुसार शीघ्र दर्शन करना चाहते हैं। उनके लिए यह वैकल्पिक सेवा उपलब्ध कराई गई है, जिसका मूल्य वर्षों से 250 रुपये ही है।
फूल, प्रसाद और माला की खरीद भी व्यक्तिगत निर्णय
मंदिर प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया कि माला, फूल और प्रसाद की कोई निर्धारित कीमत नहीं है। श्रद्धालु अपनी श्रद्धा और सुविधा के अनुसार इन्हें कहीं से भी खरीद सकते हैं या साथ ला सकते हैं।
कई श्रद्धालु भ्रमित हो रहे थे कि इन चीजों पर भी कोई शुल्क निर्धारित है। मंदिर प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसी कोई बाध्यता नहीं है, न ही मंदिर द्वारा ऐसा कोई शुल्क वसूला जाता है।
सोशल मीडिया पर फैल रही भ्रामक सूचनाओं से बचें
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे सोशल मीडिया या गैर-आधिकारिक स्रोतों पर चल रही अफवाहों पर ध्यान न दें। किसी भी प्रकार की पुष्टि मंदिर की अधिकृत वेबसाइट या अधिकारियों से ही करें।
भीड़ को नियंत्रित करने और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने के लिए 'सुगम दर्शन' जैसी व्यवस्थाएं लागू की गई हैं। इनका उद्देश्य पूरी तरह श्रद्धालु हित में है, न कि व्यावसायिक लाभ के लिए।
काशी विश्वनाथ मंदिर में साल भर लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। विशेष अवसरों पर यह संख्या कई गुना बढ़ जाती है। ऐसे में मंदिर प्रशासन सुचारु व्यवस्था बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयासरत है।












Click it and Unblock the Notifications