Varanasi News: नहीं रहे श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के पूर्व महंत कुलपति तिवारी, सीने में दर्द के बाद हुआ निधन
Varanasi News: वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के पूर्व महंत डॉक्टर कुलपति तिवारी का बुधवार को सायंकाल अचानक निधन हो गया। वे कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे।
बताया जा रहा है कि सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें वाराणसी के रवींद्रपुरी स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इलाज के दौरान उन्होंने अंतिम सांस ली।

उनके निधन की खबर पाकर बड़ी संख्या में लोग वाराणसी के टेढ़ी नीम स्थित उनके आवास पर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी तथा संवेदना व्यक्त की।
उनके बेटे पंडित वाचस्पति तिवारी द्वारा मीडिया को बताया गया कि वाराणसी के मणिकर्णिका घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। यह भी कहा जा रहा है कि वे न्यूरो की बीमारी से भी ग्रसित थे।
वाराणसी में 1954 में हुआ था जन्म
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के पूर्व महंत डॉक्टर कुलपति तिवारी का जन्म सन 1954 में वाराणसी में ही हुआ था। बताया जा रहा है कि उनकी शिक्षा दीक्षा वाराणसी में ही हुई थी।
डॉक्टर कुलपति तिवारी के पिता कैलाशपति तिवारी का निधन साल 1993 होने के बाद उन्होंने शरीक काशी विश्वनाथ मंदिर के महंत की जिम्मेदारी संभाली थी।
यह भी बता दें कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के पूर्व महंत डॉक्टर कुलपति तिवारी के निधन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा भी दुख व्यक्त किया गया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा है "काशी विश्वनाथ मंदिर के पूर्व महंत डॉ. कुलपति तिवारी जी के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। डॉ. कुलपति जी ने दीर्घकाल तक बाबा विश्वनाथ की अनन्य भाव से सेवा की और आज बाबा के चरणों में लीन हो गए। उनका शिवलोकगमन काशी के लिए एक अपूरणीय क्षति है।"
इसी तरह सीएम योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर लिखा है "वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के पूर्व महंत श्री कुलपति तिवारी जी का गोलोकगमन अत्यंत दु:खद है। मेरी ओर से उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि! मेरी संवेदनाएं शोकाकुल परिजनों के साथ हैं। बाबा श्री विश्वनाथ जी पुण्यात्मा को अपने श्री चरणों में स्थान और शोक संतप्त परिजनों को यह अथाह दु:ख सहने की शक्ति प्रदान करें, यही प्रार्थना है। ॐ शांति!"












Click it and Unblock the Notifications