मंकीपॉक्स को लेकर वाराणसी में स्वास्थ्य महकमा अलर्ट, 10 बेड आरक्षित
मंकीपॉक्स को लेकर वाराणसी में अलर्ट जारी‚ जिला अस्पताल में आरक्षित किये गए 10 बेड
वाराणसी, 27 जुलाई : मंकीपॉक्स अब धीरे-धीरे भारत की ओर कदम बढ़ा रहा है, ऐसे में इसे लेकर वाराणसी में भी अलर्ट जारी कर दिया गया है। वाराणसी के जिला अस्पताल में पूर्व में बने कोरोना वार्ड में मंकीपॉक्स ग्रसित मरीजों के लिए 10 बेड आरक्षित कर दिए गए हैं। इसके अलावा बीएचयू से बात किया जा रहा है, वहां पर भी कुछ बेड आरक्षित किए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. संदीप चौधरी का कहना है कि मंकीपॉक्स को लेकर सावधानी बरतने के लिए निर्देश जारी किया जा चुका है, जिला अस्पताल में इसके लिए 10 बेड आरक्षित भी किए गए हैं। अभी वाराणसी में ऐसे मामले नहीं आए हैं हालांकि मंकीपॉक्स से जुड़े मामले सामने आने के बाद आगे और तैयारियां की जाएंगी।

वाराणसी एयरपोर्ट पर भी बरती जा रही है सावधानी
मंकीपॉक्स के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी अलर्ट जारी किया गया है। वाराणसी एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों की निगरानी की जा रही है। हालांकि अभी इस को लेकर कोई जांच नहीं किया जा रहा है लेकिन एयरपोर्ट पर मौजूद अधिकारियों कर्मचारियों को इसके लिए पूर्व में जागरूक किया जा चुका है। अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट पर शारजाह के अलावा अन्य कोई सीधी इंटरनेशनल विमान सेवा नहीं है जिसके चलते यहां विदेश से सीधे मंकीपॉक्स ग्रसित यात्री नहीं आ सकते हैं। हालांकि जिन व्यक्तियों के चेहरे या शरीर पर स्वेलिंग या चकत्ते दिखाई दे रहे हैं उनसे पूछताछ किया जा रहा है।
रेलवे स्टेशन पर एडवाइजरी का इंतजार
वाराणसी रेलवे स्टेशन पर अभी मंकीपॉक्स को लेकर कोई एडवाइजरी जारी नहीं किया गया है। इस बारे में पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि अभी इसको लेकर विभाग की तरफ से कोई एडवाइजरी नहीं जारी की गई है। हालांकि उन्होंने यह भी बताया कि अपने स्तर से सावधानियां बरती जा रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications