Varanasi Gyanvapi: बनारस बंद से करोड़ों का कारोबार प्रभावित, पूर्वांचल की सबसे बड़ी मंडी में पसरा सन्नाटा
Varanasi Gyanvapi: वाराणसी के ज्ञानवापी परिसर में स्थित व्यास जी के तहखाने में जिला जज द्वारा पूजा पाठ की अनुमति मिलने के बाद से मुस्लिम समाज नाराज है। इसे लेकर शुक्रवार को वाराणसी में मुस्लिम समाज द्वारा मुस्लिम बहुल इलाकों में मार्केट बंद रखा गया।
बाजार बंद होने के चलते करीब 50 करोड रुपए के कारोबार प्रभावित होने की बात सामने आ रही है। वहीं बनारस बंद का ऐलान किए जाने के बाद से ही वाराणसी के मुस्लिम बहुल इलाकों में भारी संख्या में फोर्स तैनात है। पुलिस बल और पैरा मिलिट्री के जवान चक्रमण करते नजर आ रहे हैं।

पूर्वांचल की सबसे बड़ी मंडी कही जाने वाली दाल मंडी की सभी दुकानें शुक्रवार को बंद रहीं। यहां तक की चाय पान की दुकानों पर भी ताला लटका रहा। दालमंडी, हड़हा सराया, बेनिया आदि इलाकों में 24 घंटे चहल-पहल और जाम जैसी देखी जाने वाली गलियों में पूरी तरह सन्नाटा पसरा रहा।
इन गलियों में मोबाइल, मोबाइल पार्ट्स, आर्टिफिशियल ज्वेलरी, जूता चप्पल, मसाला, कपड़े, बनारसी साड़ी, कॉस्मेटिक सहित कई अन्य सामानों की सैकड़ों दुकानें हैं। इन दुकानों में वाराणसी ही नहीं गाजीपुर, मिर्जापुर, चंदौली, भदोही समेत पूर्वांचल व आसपास के जनपदों से काफी संख्या में लोग सामान खरीदने आते हैं।
शुक्रवार को बाजार पूरी तरह बंद रहने के चलते इन बाजारों में सामानों की खरीदारी करने के लिए आने वाली लोगों को खाली हाथ वापस लौटना पड़ा। मीडिया रिपोर्ट की माने तो वाराणसी में शुक्रवार को बंदी के चलते लगभग 50 करोड़ का कारोबार प्रभावित हुआ है।
इसके अलावा बनारसी साड़ियां वाराणसी के मुस्लिम बहुल इलाकों में ही अधिकतर बुनी जाती हैं। बंदी की घोषणा के बाद ककरमत्ता, बजरडीहा, जैतपुरा, पीली कोठी, मदनपुरा समेत कई अन्य मुस्लिम बहुल इलाकों में भी करघे बंद रहे। कहा जा रहा है कि अगर बंद जारी रहा तो आने वाले दिनों में कारोबार और प्रभावित हो सकता है।












Click it and Unblock the Notifications