Varanasi Election: डिंपल यादव और प्रियंका 25 को काशी में करेंगी रोड शो, तैयारियों में जुटे नेता-कार्यकर्ता
Varanasi Lok Sabha Election 2024: लोकसभा चुनाव 2024 के दौरान पांच चरणों का चुनाव संपन्न हो चुका है। बात करें यूपी की तो यूपी में छठें और सातवें चरण में पूर्वांचल की ही अधिकतर सीटों पर चुनाव मतदान होना बाकी है।
ऐसे में सभी पार्टियों के नेता अपनी पार्टी को मजबूत करने और प्रत्याशियों को जिताने के लिए चुनाव प्रचार में जुटे हुए हैं। पांचवें चरण का चुनाव संपन्न होने के बाद सभी पार्टियों के नेता उन लोकसभा सीटों पर प्रचार में जुट गए हैं, जहां छठे चरण में मतदान होना है।

इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव और कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी 25 मई को वाराणसी लोकसभा क्षेत्र में रोड शो करने के लिए आएंगी। पहली बार प्रियंका गांधी और डिंपल यादव वाराणसी में रोड शो करेंगी।
प्रियंका गांधी और डिंपल यादव की रोड शो की जानकारी मिलने के बाद वाराणसी में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के नेता तैयारी में जुट गए हैं। बताया जा रहा है कि रोड शो में अधिक से अधिक लोगों को जुटाने का प्रयास किया जा रहा है।
महामना को माल्यार्पण कर शुरू होगा रोड शो: बताया जा रहा है कि प्रियंका गांधी और डिंपल यादव वाराणसी के लंका में महामना मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद रोड शो प्रारंभ करेंगी।
लंका से प्रारंभ होने के बाद रोड शो दुर्गाकुंड, भेलूपुर, रेवड़ी तालाब, गिरजाघर, बेनियाबाग, लहुराबीर होते हुए मलदहिया पहुंचेगा। मलदहिया पहुंचने के बाद वहां सरदार पटेल की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के बाद रोड शो का समापन होगा।
वाराणसी से एक तरफ जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं वहीं इंडिया गठबंधन के द्वारा कांग्रेस ने अजय राय को चुनाव मैदान में उतारा है। अजय राय भी तीसरी बार वाराणसी से लोकसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी द्वारा वाराणसी लोकसभा सीट से अतहर जमाल लारी को टिकट दिया गया है और अपना दल कमेरावादी के पीडीएम गठबंधन द्वारा गगन यादव को प्रत्याशी बनाया गया।
ऐसे में वाराणसी लोकसभा सीट पर भी इस बार लड़ाई काफी दिलचस्प होने वाली है। इसके अलावा वाराणसी से पूरा पूर्वांचल जुड़ा हुआ है। ऐसे में वाराणसी से प्रियंका गांधी और डिंपल यादव के रोड शो को लेकर राजनीतिक जानकारी अभी से समीकरण के फेर बदल का आकलन करने लगे हैं।












Click it and Unblock the Notifications