UP Weather: पूर्वांचल में बदला मौसम का मिजाज, गरज-चमक के साथ बारिश, आकाशीय बिजली गिरने से एक की मौत
UP Weather: वाराणसी में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आ रहा है। बुधवार सुबह से ही वाराणसी और आसपास के जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश हो रही है। बारिश से किसान चिंतित नजर आ रहे हैं।
गर्मी की दस्तक के बाद गर्मी के बीच अचानक हुई बारिश ने एक बार फिर मौसम को सुहावना बना दिया है। वाराणसी के घाटों पर लोगों की भीड़ देखी जा रही है। गंगा किनारे कपल बारिश का मजा लेते नजर आ रहे हैं।

वहीं बरसात के बीच गाजीपुर से दुखद खबर सामने आई है। गाजीपुर के भांवरकोल थाना क्षेत्र के शेरपुर डेरवा गांव में आकाशीय बिजली की चपेट में आने से 50 वर्षीय लालपरी नामक महिला की मौत हो गई। उनकी मौत से परिवार में मातम पसरा है।
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि बरसात के मौसम में हवा चली तो गेहूं की फसल को काफी नुकसान होगा। यदि हवा न चलती तो बारिश का पानी केवल उन्हीं गेहूं की फसलों को नुकसान पहुंचाता जो तैयार थीं।
हालांकि, वाराणसी समेत आसपास के जिलों में गेहूं की फसल पकने में अभी समय है। लेकिन अगर पानी के साथ हवा भी चली तो गेहूं की फसल खेतों में लेट जायेगी और किसानों को भारी नुकसान होगा।
कब तक ऐसे रहेगा मौसम?
आईएमडी के आंकड़ों की मानें तो अगले दो दिनों तक यूपी में मौसम ऐसा ही बना रह सकता है। उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में आंधी के साथ बारिश हो सकती है और तेज हवाएं भी चलेंगी और तापमान भी ठंडा रहेगा।
वाराणसी और पूर्वांचल की बात करें तो बुधवार के बाद वाराणसी में मौसम सामान्य हो जाएगा। हालांकि तापमान हल्का रहेगा। बुधवार को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस और गुरुवार और शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications