UP Weather: साल की पहली बारिश से वाराणसी में बढ़ी ठंड, इन जिलों में अलर्ट, जानें कैसा रहेगा मौसम
UP Weather News: नए साल में पहली बार हुई बारिश से वाराणसी समेत पूरे पूर्वांचल में ठंड बढ़ गई है। बुधवार सुबह से वाराणसी और आसपास के कई जिलों में हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
वाराणसी में 11 किलोमीटर की रफ्तार से चल रही हवाओं के कारण पहाड़ी इलाकों जैसी ठंड महसूस हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले दो दिनों तक वाराणसी में ऐसे ही हालात रहने वाले हैं।

वाराणसी के अलावा जौनपुर, ग़ाज़ीपुर, चंदौली और मिर्ज़ापुर, भदोही, सोनभद्र और आज़मगढ़, मऊ, बलिया में भी हालात ऐसे ही हैं। इन जिलों में भी बारिश का असर है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि चक्रवाती हवा के कारण ऐसी बारिश हो रही है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, 5 जनवरी तक उत्तर प्रदेश के कई जिलों में इसी तरह बूंदाबांदी जारी रहेगी। इसमें वाराणसी, मीरजापुर, सोनभद्र, प्रयागराज, चंदौली, हमीरपुर, बांदा, चित्रकूट, महोबा, झांसी, कौशांबी, ललितपुर समेत अन्य जिले शामिल हैं।
मौसम विभाग द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक बुधवार को न्यूनतम तापमान 11 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, इसी तरह गुरुवार को न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहेगा।
शुक्रवार की बात करें तो शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहेगा। इन तीन दिनों में बारिश की संभावना है। इसके अलावा शनिवार 6 जनवरी और रविवार 7 जनवरी को भी बारिश और कोहरे की संभावना है।












Click it and Unblock the Notifications