UP: वाराणसी-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर आज से नहीं लगेगा जाम, दोनों लेन पर फर्राटा भरने लगे वाहन
UP Hindi News: वाराणसी-प्रयागराज हाईवे की दोनों लेन पर आज से वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। ऐसे में हाईवे पर जाम की स्थिति नहीं बनेगी। इस हाईवे से गुजरने वाले लोगों को अब राहत मिलेगी। गुरुवार रात 12 बजे से हाईवे की दोनों लेन पर वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है।
दरअसल, सावन के महीने में वाराणसी और प्रयागराज के बीच बड़ी संख्या में कांवरिये यात्रा करते हैं। प्रयागराज से निकलने वाले कांवरिया संगम से जल लेकर श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में पहुंचते हैं और बाबा का जलाभिषेक करते हैं। इस हाईवे से हर साल भारी संख्या में कांवरियों का आवागमन होता है।

इसके अलावा वाराणसी के रहने वाले कांवरिया भी प्रयागराज जाते हैं। सावन माह में कांवरियों के आवागमन को देखते हुए वाराणसी से प्रयागराज के बीच हाईवे की बाईं लेन को कांवरियों के लिए आरक्षित कर दिया गया था। क्योंकि इस बार अधिमास के कारण सावन 2 महीने तक चला, इसलिए एक लेन 2 महीने तक कांवरियों के लिए आरक्षित रखी गई थी।
31 अगस्त को सावन का महीना समाप्त हो जाने के बाद गुरुवार रात में 12 बजे से ही हाईवे के दोनों लेन पर वाहनों का आवागमन प्रारंभ हो गया। अधिकारियों द्वारा बताया गया कि सावन माह में हाईवे की बंद की गई बाईं लेन को गुरुवार रात में ही खोल दिया गया। अब दोनों लेन पर वाहनों का आवागमन होगा ऐसे में एक ही लेन पर वाहनों के बड़े लोड के चलते लगने वाला जाम समाप्त हो जाएगा।
शहर में भी कई जगह प्रतिबंध हटा
कांवरियों के आवागमन और उनकी सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए वाराणसी में सावन महीने में शनिवार से लेकर मंगलवार सुबह तक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में आने जाने वाले रास्तों पर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित था। अब उस प्रतिबंध को भी हटा लिया गया है। व्यापारियों का कहना था कि 2 महीने तक सावन होने के कारण भारी वाहनों का आवागमन ना होने से शनिवार से मंगलवार तक किसी भी सामान को मंगाने में उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता था। हालांकि अब प्रतिबंध हटा लिए जाने के बाद व्यापारियों को भी इससे राहत मिलेगी।












Click it and Unblock the Notifications