UP Nikay Chunav 2023: वाराणसी से मेयर पद के लिए चौथे दिन भरा गया पहला पर्चा, ट्रांसजेंडर शहनाज ने किया नामांकन
वाराणसी से मेयर पद के लिए चौथे दिन पहला नामांकन हुआ। इंग्लिशिया लाइन के रहने वाले ट्रांसजेंडर शहनाज ने शुक्रवार को मेयर पद के लिए नामांकन किया।

UP Nikay Chunav 2023 को लेकर वाराणसी में सभी राजनीतिक पार्टियां अपने-अपने स्तर से तैयारियों में जुटी हुई हैं। हालांकि पिछले 4 दिनों से मेयर पद के लिए अभी तक कोई नामांकन नहीं हुआ था। शुक्रवार को मेयर पद के लिए पहला नामांकन हुआ।
दरअसल, वाराणसी में पहले चरण में नगर निकाय चुनाव संपन्न होने हैं ऐसे में 11 अप्रैल से नामांकन की प्रक्रिया प्रारंभ है। मेयर पद के लिए पहले से ही कई लोगों ने पर्चे खरीद लिए हैं हालांकि शुक्रवार सुबह तक किसी ने नामांकन नहीं किया था।
शुक्रवार को दोपहर में ट्रांसजेंडर शमशेर खान उर्फ शहनाज ने वाराणसी से मेयर पद के लिए नामांकन किया। वाराणसी जिले के इंग्लिशिया लाइन निवासी शहनाज ने इंडियन नेशनल समाज पार्टी के प्रत्याशी के रूप में अपना पर्चा भरा है।
नामांकन करने के बाद मीडियाकर्मियों से बात करते हुए शहनाज ने कहा कि वाराणसी को हम सभी काशी के नाम से जानते हैं और काशी का धार्मिक महत्व है। ऐसे में प्रयास रहेगा कि काशी को धार्मिक स्थल घोषित करवाने पर काम किया जाए।
इसके अलावा भू-माफियाओं से शहर को मुक्त कराने का प्रयास किया जाएगा। कई स्थानों पर देखा जाता है कि भू माफियाओं ने अवैध तरीके से कब्जा कर लिया गया है और आमजन काफी परेशान हैं। ऐसे में इन सब मामलों से मुक्ति दिलाना पहली प्राथमिकता होगी।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम में व्याप्त भ्रष्टाचार को भी उनके द्वारा समाप्त करने का प्रयास किया जाएगा। वाराणसी नगर निगम में जो भी रिक्त पद हैं, उनपर ईमानदार कर्मचारियों की नियुक्ति कराई जाएगी। जिससे कि भ्रष्टाचार पर लगाम लग सकेगा।
अभी तक इन पार्टियों ने घोषित किए हैं प्रत्याशी
नगर निकाय चुनाव 2023 को ध्यान में रखते हुए वाराणसी में मेयर पद के लिए अभी तक कांग्रेस और आम आदमी पार्टी द्वारा अपने पार्टी से मेयर प्रत्याशी की घोषणा की गई है। कांग्रेस ने अनिल श्रीवास्तव को चुनाव मैदान में उतारा है तो आम आदमी पार्टी ने शारदा टंडन को चुनाव मैदान में उतारा है।
वाराणसी नगर निगम का गठन होने के बाद से अब तक हर बार भारतीय जनता पार्टी का ही महापौर की कुर्सी पर कब जा रहा है। ऐसे में इस बार अन्य राजनीतिक पार्टी अपने अपने स्तर से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी को पराजित करने के लिए रणनीति बना रही हैं।












Click it and Unblock the Notifications