UP News: वाराणसी में बदमाशों ने सिगरेट न देने पर दुकानदार को मारी गोली, मौत, ग्रामीणों में आक्रोश
UP News: वाराणसी जनपद में गुरुवार की देर रात्रि में परचून की दुकान चलाने वाले एक दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि बदमाशों ने रात में दुकानदार से सिगरेट मांगा था। दुकान बंद होने पर दुकानदार ने सिगरेट नहीं दिया।
इसी बात से नाराज होकर बदमाशों ने दुकानदार के साथ मारपीट की। मारपीट करने के बाद तमंचा निकाल कर दुकानदार के गले में गोली मार दी। गोली चलने की आवाज सुनकर दुकानदार के परिवार और पड़ोस के लोग वहां पहुंचे। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने दुकानदार को मृत घोषित कर दिया।

इस घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस के साथ ही पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। दुकानदार की गोली मारकर हत्या के मामले को लेकर इलाके के लोगों में काफी नाराजगी दिख रही है।
यह पूरा मामला वाराणसी जनपद के चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिरनाथीपुर गांव का है। बताया जा रहा है गांव में 55 वर्षीय शारदा यादव परचून की दुकान चलाते हैं। गुरुवार की रात में शारदा यादव ने अपनी दुकान बंद कर दी और खाना खाने के बाद दुकान के समीप चौकी पर बैठे थे।
परिजनों का कहना है कि गुरुवार आधी रात में बाइक सवार बदमाश वहां पहुंचे। बदमाशों ने शारदा यादव से सिगरेट मांगी, जिस पर शारदा यादव ने कहा कि दुकान बंद हो चुकी है और दुकान की चाबी घर के अंदर है ऐसे में वह सिगरेट नहीं दे सकते हैं।
इसी बात को लेकर बदमाशों ने शारदा यादव के साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट करने के बाद बदमाशों ने उन्हें गोली मार दिया। गोली चलने की आवाज सुनकर उनकी पत्नी के साथ ही पड़ोस के लोग भी मौके पर पहुंचे। लोगों ने 112 नंबर डालकर पुलिस को सूचना दिया।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इधर, शारदा यादव के घर वाले उन्हें लेकर अस्पताल गए। अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों द्वारा उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना की जानकारी मिलने के बाद डीसीपी वरुणा जोन चंद्रकांत मीणा, एडीसीपी टी. सरवणन और एसीपी अतुल अंजान त्रिपाठी भी मौके पर पहुंचे।
पुलिस अधिकारियों द्वारा घटना के बारे में परिजनों से जानकारी ली गई। इसके अलावा बदमाशों के हुलिया और बाइक आदि के बारे में भी पूछताछ की गई। बाद में फिंगरप्रिंट और डॉग स्क्वायड टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की।
पहले बदमाशों को करें गिरफ्तार
घटना के बाद मृतक के परिजनों और गांव के लोगों में काफी आक्रोश देखने को मिल रहा है। मृतक के परिजनों का कहना है कि जब तक बदमाशों को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा तब तक शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम नहीं कराएंगे। पुलिस अधिकारियों द्वारा परिजनों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications