Tirupati Laddu: काशी में पंचगव्य से किया जा रहा शुद्धिकरण, लोगों ने कहा- ऐसा दर्द है जिसे बयां नहीं कर सकते
Tirupati Laddu Controversy: तिरुपति बालाजी के प्रसाद को लेकर देश में बवाल मचा हुआ है। ऐसे में धार्मिक नगरी काशी में भी इस मामले को लेकर लोगों की नाराजगी देखने को मिल रही है। काशी का संत समाज भी काफी नाराज है। वहीं प्रसाद खाने वालों का काशी में शुद्धिकरण प्रारंभ हो गया है।
वाराणसी में गंगा नदी के किनारे घाट पर पंचगव्य के जरिए बाकायदा लोगों का शुद्धिकरण कराया जा रहा है। वाराणसी के गंगा किनारे स्थित पांडेय घाट पर सोमवार को एक परिवार के लोगों ने पंचगव्य से अपना शुद्धिकरण करवाया।

हर साल बालाजी दर्शन करने के लिए जाता था परिवार
इस बारे में जानकारी देते हुए वाराणसी के रहने वाले तुलसी संजय जोशी ने बताया कि उनका परिवार हर साल तिरुपति बालाजी दर्शन करने के लिए जाता रहा है। उन्होंने कहा कि दर्शन करने के बाद वहां से प्रसाद लेकर वह घर भी आते थे।
उन्होंने कहा कि तिरुपति बालाजी के लड्डू प्रसाद में इस्तेमाल होने वाले घी में चर्बी पाए जाने की बात सामने आने के बाद वे और उनका परिवार बहुत दुखी है। उन्होंने कहा कि यह ऐसा दर्द है जिसे बयां नहीं किया जा सकता।
उन्होंने कहा कि मैं और मेरा परिवार सनातन धर्म में बहुत आस्था रखते हैं। जब से तिरुपति बालाजी के प्रसाद में चर्बी मिलने की खबर सामने आई है, हम बहुत दुखी हैं। हम चाहते हैं कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। साथ ही अब हम इस दुख से मुक्ति पाने के लिए शुद्धिकरण करवा रहे हैं।
पंचगव्य में क्या-क्या होता है शामिल?
इस संबंध में शुद्धिकरण करने वाले विद्वानों ने बताया कि जिसने भी तिरुपति बालाजी का दूषित प्रसाद ग्रहण किया है, वह पंचगव्य की सनातन पद्धति से स्वयं को शुद्ध कर सकता है। शास्त्रों में भी पंचगव्य के माध्यम से शुद्धिकरण का प्रावधान है।
बताया गया कि पंचगव्य में गोमूत्र, गोबर, दूध, दही और घी का इस्तेमाल किया जाता है। इस पंचगव्य से वैदिक मंत्रों का जाप करके किसी भी व्यक्ति को शुद्ध किया जा सकता है। सोमवार से वाराणसी में तिरुपति बालाजी का प्रसाद खाने वालों के शुद्धिकरण का काम शुरू कर दिया गया है। सोमवार को काशी के राजराजेश्वरी मंदिर में शुद्धिकरण के लिए कई लोग पहुंचे। तीर्थ पुरोहितों ने वैदिक मंत्रों के साथ पंचगव्य से लोगों का शुद्धिकरण किया।












Click it and Unblock the Notifications