खत्म हो जाएगा वाराणसी एयरपोर्ट के पुराने टर्मिनल भवन का अस्तित्व, जानिए AAI ने क्यों लिया ऐसा फैसला?
वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के विस्तारीकरण का कार्य जल्दी ही प्रारंभ होगा। एयरपोर्ट का विस्तारीकरण होने के बाद वाराणसी एयरपोर्ट पर आजादी के बाद सन 1953 में बना टर्मिनल भवन भी तोड़ा जाएगा। पुराने टर्मिनल भवन के स्थान पर विमान स्टैंड बनाया जाना है।
टर्मिनल भवन का निर्माण होने के बाद एक टर्मिनल भवन से पहले घरेलू और बाद में इंटरनेशनल विमान का आवागमन प्रारंभ हुआ था। काफी समय तक इसी टर्मिनल भवन से यात्रियों का आवागमन होता रहा फिर यात्रियों की संख्या बढ़ने पर नए टर्मिनल भवन का निर्माण कराया गया।

नया टर्मिनल भवन बनकर तैयार हो जाने के बाद साल 2011 में नए टर्मिनल भवन से यात्रियों का आगमन प्रारंभ हुआ तो पुराने टर्मिनल भवन में एयर ट्रैफिक कंट्रोल कार्यालय वित्त और वाणिज्य कार्यालय तथा मौसम विभाग का कार्यालय संचालित होता रहा।
वाराणसी एयरपोर्ट की लंबे समय तक रिपोर्टिंग करने वाले पत्रकार और ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन के पूर्व जिलाध्यक्ष गजेंद्र सिंह ने बताया कि पुराने टर्मिनल भवन में जब एयरपोर्ट संचालित हो रहा था, उस समय एयरपोर्ट को वाराणसी एयरपोर्ट के नाम से ही जाना जाता था।
बाद में वाराणसी एयरपोर्ट का नामकरण भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री के नाम पर रखा गया। उन्होंने यह भी कहा कि पुराने टर्मिनल भवन से जब यात्रियों का आवागमन हो रहा था उसी समय अंतरराष्ट्रीय विमान का भी आवागमन प्रारंभ हो गया था लेकिन इंटरनेशनल एयरपोर्ट का दर्जा मिलने में काफी समय लगा।
पिछले साल वाराणसी एयरपोर्ट पर एयर ट्रैफिक कंट्रोल का नया भवन बनकर तैयार हो गया। नया भवन बनकर तैयार हो जाने के बाद पुराने टर्मिनल भवन में बने और ट्रैफिक कंट्रोल कार्यालय को स्थानांतरित कर नए भवन में शिफ्ट कर दिया गया।
इसके अलावा अन्य विभागों को भी मुख्य टर्मिनल भवन और कार्गो टर्मिनल भवन में शिफ्ट कर दिया गया है। मौजूदा समय में पुराने टर्मिनल भवन बहुत कम लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में अब विमान के स्टैंड को बनाने के लिए भूमि की आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए पुराने टर्मिनल भवन को ध्वस्त किया जाना है।
वाराणसी एयरपोर्ट के निर्देशक पुनीत गुप्ता का कहना है कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि भूमि अधिग्रहण होने के बाद रनवे का विस्तार किया जाएगा इस दौरान विमान के स्टैंड का भी विस्तार किया जाएगा। ऐसे में एयरपोर्ट पर बने कई पुराने भवन ध्वस्त किए जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications