Varanasi News: काशी के ये मोहल्ले और सड़कें नए नामों से जाने जाएंगे, महापुरुषों के नाम पर होगा नामकरण
Varanasi News: वाराणसी नगर निगम के अंतर्गत आने वाले कई मोहल्लों और सड़कों का जल्द ही नाम बदला जाएगा। इसे लेकर तैयारियां तेजी से चल रही हैं, इसके अलावा शहर को 8 जोन में भी बांटा जाएगा।
UP Varanasi News: नगर निगम वाराणसी द्वारा वाराणसी शहर के कई मोहल्लों और सड़कों का नाम जल्द ही बदला जाएगा। इसके लिए नगर निगम द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। बताया जा रहा है कि काशी की महान विभूतियों और महापुरुषों के नाम पर मोहल्लों और सड़कों का नामकरण किया जाएगा।
यह भी बता दें कि वाराणसी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी पूर्व में इसके संकेत दिए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा मकबूल आलम रोड का नाम लोकगीत बिरहा गायक पद्मश्री हीरालाल यादव के नाम पर किए जाने की बात कही गई थी।

वहीं इस बारे में मेयर अशोक तिवारी द्वारा मीडिया को बताया गया कि वाराणसी धार्मिक और ऐतिहासिक नगरी है। इसके अलावा वाराणसी को साहित्य, खेल, शिक्षा सहित अन्य विधाओं ने भी राष्ट्रीय पटल पर पहचान दिलाया है। ऐसे में काशी को वैश्विक मंच तक पहुंचाने वाले महान विभूतियों के नाम पर काशी के मोहल्लों और सड़कों का नामकरण किया जाएगा।
इसके पीछे का यह भी कारण बताया गया कि काशी की महान विभूतियों के नाम पर मोहल्लों और सड़कों का नामकरण किए जाने के बाद आने वाली पीढ़ियां हमेशा उन महान विभूतियों को याद करती रहेंगी और महापुरुषों को एक अलग पहचान भी मिलेगी। बताया गया कि वर्तमान समय में करीब आधा दर्जन मोहल्लों और सड़कों का नाम बदलने का निर्णय लिया गया है।
भोजूबीर मार्ग को राजर्षि के नाम से जाना जाएगा: वाराणसी भोजुबीर मार्ग को राजर्षि उदय प्रताप जूदेव के नाम से जाना जाएगा। इसी सड़क के किनारे यूपी कॉलेज भी है, ऐसे में इस सड़क का नाम बदला जाएगा। इसके अलावा पांडेपुर से आजमगढ़ मार्ग को मुंशी प्रेमचंद्र का नाम दिया जाएगा, इसी मार्ग पर लमही में मुंशी प्रेमचंद की जन्मस्थली है।
इसी तरह वाराणसी के सारनाथ, कज्जाकपुरा, सुंदरपुर, मंडुआडीह और लंका आदि इलाकों में भी कई मार्गों का चयन किया गया है। उन मार्गों का नाम भी महान विभूतियों के नाम पर ही बदल कर रखा जाएगा। यह भी बताया गया कि जल्द ही पार्षद के साथ बैठक करके इस पर निर्णय लिया जाएगा फिर आगे की कार्यवाही होगी।
इन सड़कों का बदलेगा नाम
- भोजूबीर का नामकरण राजर्षि उदय प्रताप जूदेव के नाम पर किया जाएगा।
- पांडेयपुर-आजमगढ़ मार्ग को मुंशी प्रेमचंद के नाम से जाना जाएगा।
- मकबूल आलम रोड लोक गायक हीरालाल को समर्पित होगा।
- नई सड़क-गिरिजाघर मार्ग का नाम बिस्मिल्लाह खां के नाम पर होगा।
- फातमान रोड का नाम बदलकर सरदार पटेल मार्ग रखा जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications