Varanasi : सीएम द्वारा गोद लिए CHC में हुई पहली सिजेरियन डिलीवरी, जच्चा-बच्चा दोनों हैं स्वस्थ
Varanasi : सीएम योगी द्वारा गोद लिए गए हाथी सीएचसी पर हुई पहली सिजेरियन डिलेवरी, आने वाले दिनों में वाराणसी के अन्य सीएचसी पर भी मिलेगी यह सुविधा
वाराणसी, 31 जुलाई : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में सीएचसी पर भी अब सिजेरियन प्रसव की सुविधा मिलेगी। सेवापुर ब्लाक के हाथी गांव में स्थित सीएचसी पर शनिवार को पहला सिजेरियन प्रसव कराया गया। अभी तक जोखिम भरे प्रसव की स्थिति में सिजेरियन प्रसव की सुविधा न होने पर प्रसूता को सीएचसी से रेफर करना पड़ता था। यह भी बता दें कि इस सीएचसी को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोद लिया है। सीएचसी में ऑपरेशन से हुए प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं। सीएमओ डॉ संदीप चौधरी ने बताया कि हाथी सीएचसी पर अब सामान्य प्रसव के साथ ही सिजेरियन प्रसव की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।

उच्च जोखिम के चलते करना पड़ा ऑपरेशन
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हाथी के अधीक्षक डॉ हंसराज ने बताया कि सेवापुरी विकासखंड के खरगूपुर गांव की रहने वाली सूरज देवी पत्नी विमल को प्रसव पीड़ा के चलते शुक्रवार को सीएचसी पर लाया गया था। सूरज के पहले प्रसव के बाद उनके बच्चे की मौत हो गई थी और वह उच्च जोखिम वाली गर्भवती थी। उन्होंने यह भी कहा कि सूरज की जांच में पाया गया कि गर्भस्थ शिशु के गर्दन में नाल लिपटी हुई है, ऐसे में जच्चा-बच्चा की जान बचाने के लिए ऑपरेशन करना आवश्यक था।

जच्चा बच्चा दोनों हैं पूरी तरह स्वस्थ
महिला की स्थिति देखते हुए तत्काल ऑपरेशन से प्रसव करने की व्यवस्था की गई। उसके बाद एनेस्थीसिया विशेषज्ञ व डीआईओ डॉक्टर निकुंज कुमार वर्मा, स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अंजली शर्मा, प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर देवदत्त सिंह, डॉक्टर देवेंद्र कुमार, डॉक्टर जितेश नारायण, डॉक्टर जय गोविंद चौहान व अन्य लोगों के देखरेख में सूरज देवी का ऑपरेशन करके सुरक्षित प्रसव कराया गया। ऑपरेशन के बाद पाया गया कि जच्चा और बच्चा दोनों पूरी तरह स्वस्थ हैं।

अन्य सीएचसी पर भी मिलेगी सुविधा
सीएमओ डॉ संदीप चौधरी ने कहा कि हाथी सीएचसी पर अब सामान्य के साथ ही सिजेरियन प्रसव की सुविधा भी उपलब्ध है। उन्होंने यह भी कहा कि जिले में प्रसव संबंधी सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रयास किया जा रहा है। हाथी सीएससी पर पहला सिजेरियन प्रसव हुआ है, अब अन्य सीएचसी पर भी इस सुविधा को उपलब्ध कराने की कोशिश की जा रही है।












Click it and Unblock the Notifications