Varanasi News: नए साल में तैयार होगी टेंट सिटी, मकर संक्रांति से होगी बुकिंग
वाराणसी में भ्रमण के लिए आने वाले पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। वाराणसी में गंगा पार रेत पर जनवरी माह तक टेंट सिटी बनकर तैयार हो जाएगी और बुकिंग भी प्रारंभ हो जाएगी।

Varanasi जिले में भ्रमण करने के लिए आने वाले लोगों के लिए अच्छी खबर है। नए साल में वाराणसी में टेंट सिटी बनकर तैयार हो जाएगी। टेंट सिटी बनाने के लिए तैयारियां तेजी से चल रही हैं और इसकी बुकिंग भी जल्द ही प्रारंभ होगी। बताया जा रहा है कि 14 जनवरी से इसकी की बुकिंग प्रारंभ हो जाएगी।

100 एकड़ रेत पर कराया जा रहा निर्माण
वाराणसी में गंगा नदी के उस पार रेत पर करीब 100 एकड़ एरिया में टेंट सिटी का निर्माण कराया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि अस्सी घाट के सामने रामनगर की तरफ गंगा किनारे रेत पर 200-200 टेंट के तीन कलस्टर बनाए जाएंगे। एक कलस्टर 10 हेक्टेयर में स्थापित होगें। टेंट सिटी में विला 900 वर्गफीट 10%, सुपर डीलक्स 480-580 वर्गफीट 50%, डीलक्स 250-400 वर्गफीट 40% के बनेंगे। टेंट सिटी के 01 क्लस्टर में 200 व्यक्तियों के ठहरने की सुविधा रहेगी। जिसमें स्वीस-कॉटेजेस, रिसेप्शन एरिया, गेमिंग जोन, रेस्टूरेंट, डायनिंग एरिया, कान्फ्रेंस हाल, स्पॉ एवं योगा केन्द्र, लॉइब्रेरी एवं आर्ट गैलरी के अतिरिक्त वॉटर स्पोर्टस, कैमल और हार्स राइडिंग इत्यादि तथा अन्य सांस्कृतिक एवं स्पोर्टस एक्टीविटी नियोजित की जाएंगी।
5 से 60 हजार तक होगा किराया
अधिकारियों का कहना है कि टेंट सिटी निर्माण के लिए युद्ध स्तर पर कार्य चल रहा है। नए साल में टेंट सिटी बनकर पूरी तरह तैयार हो जाएगी और मकर संक्रांति से इसकी बुकिंग भी शुरू हो जाएगी। यह भी बताया जा रहा है कि टेंट सिटी में 3 तरह की सुविधाएं दी जाएंगी ऐसे में पैकेज पर आधारित बुकिंग होगी। यह बुकिंग 5000 रुपए से प्रारंभ होकर 60000 रुपए की कीमत तक रहेगी। बुकिंग के दौरान लिए गए रुपए में टेंट सिटी में ठहरने के लिए निश्चित अवधि और वाराणसी के मंदिरों में दर्शन पूजन तथा पर्यटन स्थलों पर भ्रमण भी कराए जाने का खर्च शामिल रहेगा। यह भी बताया जा रहा है कि जो पर्यटक केवल ठहरने के लिए टेंट सिटी का बुकिंग कराएंगे उसके लिए भी विचार किया जा रहा है।
देव दिवाली से पहले किया जाना था तैयार
मालूम हो कि गंगा पार रेती पर बन रही टेंट सिटी का निर्माण देव दिवाली से पहले करा लिया जाना था लेकिन गंगा नदी में आई बाढ़ के चलते कार्य में काफी विलंब हुआ। गंगा नदी का पानी कम होने के बाद टेंट सिटी निर्माण का कार्य प्रारंभ हुआ और अब काफी तेजी से चल रहा है। यह टेंट सिटी बरसात के मौसम के पूर्व तक रहेगा और बरसात का मौसम आने पर टेंट सिटी को हटा लिया जाएगा। यह भी बताया जा रहा है कि इस बार टेंट सिटी निर्माण सफल होने के बाद भविष्य में कम खर्च आएगा और बरसात व बाढ़ का सीजन समाप्त होते ही वाराणसी में गंगा पार रेट पर टेंट सिटी का निर्माण करा दिया जाएगा। टेंट सिटी का निर्माण हो जाने के बाद वाराणसी में भ्रमण के लिए आने वाले पर्यटकों को भी काफी सुविधाएं मिलेंगे और उन्हें ठहरने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा
वाराणसी में श्री काशी विश्वनाथ धाम का लोकार्पण हो जाने के बाद वाराणसी भ्रमण करने के लिए आने वाले पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा देखा जा रहा है। संभावना जताई जा रही है कि टेंट सिटी निर्माण किए जाने के बाद पर्यटकों को बेहतर सुविधा मिलेगी और पर्यटकों की संख्या में और इजाफा होगा। स्थानीय लोगों का कहना है कि टेंट सिटी का निर्माण हो जाने के बाद शहर में भ्रमण करने वाले पर्यटकों और चलने वाले वाहनों से कुछ हद तक छुटकारा मिलेगा। इसके पीछे लोगों का तर्क है कि वाराणसी में भ्रमण के लिए आने वाले पर्यटक वाहनों में बैठकर भ्रमण करते हैं जबकि टेंट सिटी में ठहरने वाले पर्यटक को पैकेज के आधार पर काशी में भ्रमण और दर्शन पूजन कराया जाएगा। ऐसे में सड़कों पर भी दबाव कम होगा।












Click it and Unblock the Notifications