BHU के निलंबित छात्र ने मॉर्निंग वॉक पर निकले डीन को जड़ा थप्पड़, ट्रॉमा सेंटर में चल रहा इलाज
वाराणसी के काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से एक शर्मनाक मामला सामने आया है। यहां रविवार को मार्निंग वॉक के लिए निकले कॉमर्स फैकल्टी के डीन प्रोफेसर जीसीआर जायसवाल के साथ एक छात्र ने मारपीट की है। मारपीट में घायल प्रोफेसर को बीएचयू ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
महामना की बगिया में घटित हुई इस घटना से दहशत की स्थिति है। वहीं प्रोफेसर जायसवाल के परिवार वाले भी आहत हुए हैं। घायल प्रोफेसर की एमआरआई भी कराई गई है। प्रोफेसर के परिजनों का कहना है कि पुलिस से शिकायत करते हुए आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया जाएगा।

दरअसल, वाणिज्य संकाय के डीन प्रोफेसर जीसीआर जायसवाल रविवार को बीएचयू परिसर में मॉर्निंग वॉक कर रहे थे। इसी दौरान बाइक से एक छात्र वहां पहुंचा और उसने उन्हें रोक लिया। रोकने के बाद प्रोफेसर द्वारा छात्र से रोकने का कारण पूछा गया, जिस पर वह उनके साथ हाथापाई करने लगा।
इस दौरान उसने धड़ाधड़ कई थप्पड़ मारने के साथ ही लात घुसे से भी प्रोफेसर की पिटाई की। छात्र द्वारा पिटाई किए जाने के दौरान प्रोफेसर की आवाज सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और जब तक कुछ समझ पाते तब तक आरोपी छात्र वहां से भाग निकला था। घायल प्रोफेसर को लेकर लोग बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचे, जहां उनका उपचार प्रारंभ हुआ।
बताया जा रहा है कि जिस छात्र ने प्रोफेसर के साथ मारपीट की थी उसे 6 महीने पहले ही मारपीट के एक मामले में निलंबित कर दिया गया था। काफी समय से छात्र द्वारा निलंबन खत्म करने की मांग की जा रही थी। इसी बात से नाराज होकर छात्र द्वारा इस तरीके पर कदम उठाए जाने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल इस घटना को लेकर बीएचयू में तरह-तरह की चर्चाएं चल रही हैं। प्रोफेसर के साथ सरेराह हुई मारपीट से फैकल्टी के लोग भी काफी नाराज हैं।












Click it and Unblock the Notifications