शर्मनाक: बदमाशों ने बहन को भी नहीं छोड़ा, 7 दिन तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जुझती रही
बदमाशों द्वारा पर्स छीनते समय ऑटो से गिरकर घायल हुई महिला की अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत, राखी बांधने जा रही थी अपने मायके
वाराणसी, 17 अगस्त: अपने भाई को राखी बांधने के लिए मायके जाते समय बदमाशों से भिड़ने वाली बहन की मंगलवार को देर शाम अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से मृतका परिवार में मातम का माहौल है। जिसने भी इस घटना के बारे में सुना उसकी रूह कांप गई। चोलापुर पुलिस द्वारा मृतका की लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि मुकदमा दर्ज किया गया है, जांच पड़ताल की जा रही है।

बैग छीनते समय ऑटो से गिरकर हुई थी घायल
चोलापुर थाना क्षेत्र के हाजीपुर गांव की रहने वाली संजू देवी (32) की शादी हरहुआ के औसानपुर गांव रहने वाले अवधेश कुमार के साथ हुई थी। 10 अगस्त को संजू देवी अपने पति अवधेश कुमार और बेटे आयुष और बेटी नंदनी के साथ हाजीपुर स्थित अपने मायके जा रही थी। पति पत्नी ऑटो में बैठक जा रहे थे चोलापुर थाना क्षेत्र के गोसाईपुर गांव में पहुंचने पर बाइक सवार बदमाशों ने संजू के हाथ से उसका बैग छीनने का प्रयास किया। संजू बदमाशों से भिड़ गई और बैग नहीं छोड़ी। छीना झपटी के दौरान संजू ऑटो से नीचे गिर गई और बैग छीनकर बदमाश फरार हो गए।

सिर में लग गई गंभीर चोट
ऑटो से सड़क पर गिरने के बाद संजू गंभीर रुप से घायल हो गई। स्थानीय लोगों की मदद से पति अवधेश उसे अस्पताल में भर्ती कराया। वहां पर प्राथमिक उपचार करने के बाद चिकित्सकों ने उसे दीन दयाल अस्पताल में इलाज के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे दीन दयाल में न ले जाकर भोजूबीर स्थित एक निजी चिकित्सालय में भर्ती कराए। अस्पताल में संजू का उपचार चल रहा था। मंगलवार को सुबह में उसकी हालत खराब हाेने लगी। परिजन उसे बीएचयू ट्रामा सेंटर ले गए। वहां पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिवार में पसरा मातम, मिला जीवन भर का दर्द
इस दर्दनाक घटना के बाद जहां मृतका के मायके और ससुराल में मातम का माहौल है, वहीं जिसने भी इस घटना को सुना उसकि रूह कांप उठी। भाईयों की कलाई पर राखी बांधने के लिए बहन सात दिनों तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जुझती रही। पुलिस का कहना है कि इस मामले में मुकदमा दर्ज किया गया है। घटनास्थल के समीप दुकानों में लगे सीसीटीव कैमरे के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। वहीं मृतका की लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।












Click it and Unblock the Notifications