IIT BHU Varanasi में दर्शकों की भीड़ में फंसे सिंगर रफ्तार, निकलने के बाद ACP को बोले Thanks You
आईआईटी बीएचयू में आयोजित कार्यक्रम में रविवार रात पंजाबी सिंगर रैपर रफ्तार पहुंचे थे। रफ़्तार ने एक गाना गाया और दूसरा गाना शुरू हुआ कि दर्शक बेकाबू हो गए और कार्यक्रम रद्द करना पड़ा।

IIT BHU में रविवार को काशी यात्रा कल्चरल इवेंट चल रहा था। कार्यक्रम में पंजाबी सिंगर रैपर रफ्तार का शो था। स्टेज पर पहुंचने के बाद रैपर रफ्तार ने जब गाना शुरू किया तो काफी संख्या में दर्शकों की भीड़ वहां पहुंच गई। ऐसे में संख्या बढ़ने पर भीड़ बेकाबू हो गई और एक ही गाना गाने के बाद रफ्तार को अपना शो बीच में ही रोकना पड़ा। भीड़ से बाहर निकलने के बाद वाराणसी से वापस लौटते समय सिंगर रफ्तार द्वारा ट्वीट करते हुए एसीपी भेलूपुर को धन्यवाद दिया गया।

बैरिकेडिंग तोड़ वीवीआईपी घेरे में घुसे दर्शक
मालूम हो कि आईआईटी बीएचयू के छात्रों द्वारा आयोजित तीन दिवसीय इस कार्यक्रम का रविवार को आखिरी दिन था। कार्यक्रम में रविवार को सिंगर रफ्तार का शो था ऐसे में ग्राउंड पूरी तरह फुल हो गया था। बताया गया कि इस कार्यक्रम में आईआईटी बीएचयू के छात्रों के अलावा बाहरी लोगों के लिए 700 और 900 रुपए का टिकट था बावजूद इसके काफी संख्या में भीड़ वहां पहुंच गई। इस कार्यक्रम का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में काफी संख्या में दर्शक पहुंच गए थे और उन्हें कंट्रोल करना मुश्किल हो गया था। रैपर रफ्तार ने अपना दूसरा गाना शुरू किया इसी बीच मौजूद दर्शक बैरिकेडिंग तोड़कर महिलाओं और छात्राओं की कतार में घुस गए। भीड़ इतनी अधिक हो गई थी भगदड़ जैसी स्थिति होने वाली थी। वायरल वीडियो में छात्राएं और महिलाएं रोती चिल्लाती नजर आ रही हैं।

अपील करने के बाद भी नहीं माने दर्शक
कार्यक्रम में भीड़ काफी अधिक थी ऐसे में कई बार मंच से माइक लेकर दर्शकों से शांत रहने की अपील की गई। बावजूद इसके दर्शक हूटिंग करते हुए सुरक्षा के लिए बनाए गए घेरे को भी पार करने लगे। मंच पर मौजूद सिंगर रफ्तार सहित उनके सहयोगी और मौजूद अधिकारी भी दर्शकों को कंट्रोल में नहीं कर पाए। ऐसे में कार्यक्रम को स्थगित करने के अलावा और कोई उपाय नहीं था। फिलहाल एन वक्त पर एसीपी भेलूपुर प्रवीण सिंह मंच पर पहुंचे और माइक हाथ में लेकर उन्होंने कार्यक्रम खत्म करने की घोषणा कर दी। उसके बाद मंच से ही माइक से अनाउंसमेंट करते हुए लोगों से कार्यक्रम स्थल खाली करने का अनुरोध किए। इस बीच किसी तरह महिलाओं और छात्राओं को ही भीड़ से बाहर निकाला गया। सिंगर रफ्तार तथा उनकी पूरी टीम को सुरक्षा घेरे में बाहर निकाला गया और टीम रात में ही होटल में वापस चली गई।

ट्वीट करे एसीपी को बोले थैंक्स, फिर मिलेंगे
भीड़ बेकाबू हो जाने के बाद कार्यक्रम स्थगित होने पर रात में होटल जाने के बाद सोमवार को सिंगर रफ्तार और उनकी टीम वापस लौट गई। वापस लौटते समय सिंगर रफ्तार ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए एसीपी भेलूपुर प्रवीण सिंह को धन्यवाद देते हुए लिखा कि 'सही फैसला लेने और भीड़ को सुरक्षित रखने के लिए धन्यवाद जय हिंद।' इसके अलावा सिंगर रफ्तार ने दूसरा ट्वीट भी किया जिसमें उन्होंने लिखा कि 'फिर मिलेंगे'।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications