Sawan 2023: पहले सोमवार पर बम-बम बोल रहा है काशी, रेड कारपेट पर शिवभक्तों का स्वागत, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
Sawan 2023: सावन के पहले सोमवार पर काशी में चारों ओर हर-हर महादेव का उद्घोष सुनाई दे रहा है। श्री काशी विश्वनाथ धाम में भी शिव भक्तों की सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं।
Sawan 2023: आज सावन का पहला सोमवार है ऐसे में बाबा विश्वनाथ की नगरी काशी में शिव भक्तों का जुनून देखने को मिल रहा है। काशी के कोने कोने से हर हर महादेव की गूंज सुनाई दे रही है। सभी मंदिरों और शिवालयों में अलसुबह से ही दर्शन का दौर शुरू है।
सावन के पहले सोमवार को ध्यान में रखते हुए श्री काशी विश्वनाथ धाम में भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम पहले ही कर लिए गए थे। सोमवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम में छह से सात लाख शिव भक्तों के आने की संभावना जताई जा रही है।

ऐसे में धाम में आने वाले भक्तों की सुरक्षा व्यवस्था और उनकी सहूलियत को भी ध्यान में रखा गया है। मंदिर परिसर में रेड कारपेट लगाया गया है, जिससे दर्शन के लिए आने वाले लोगों के पैरों को ठंडक मिले। इसके अलावा बरसात का मौसम होने के चलते बारिश से बचाव के भी उपाय किए गए हैं।
दिव्यांगों और बुजुर्गों के लिए व्हीलचेयर: काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन करने के लिए आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांग जनों की सुविधाओं का भी ध्यान रखा गया है। दर्शन करने के लिए आने वाले बुजुर्गों और दिव्यांग जनों के लिए व्हीलचेयर रखने के साथ ही कर्मचारियों की भी तैनाती की गई है।
मंदिर और जिला प्रशासन द्वारा इस बार ऐसे इंतजाम किए गए हैं कि बाबा धाम में दर्शन करने के लिए आने वाले लोगों को काफी देर तक दर्शन का इंतजार ना करना पड़ सके। मंदिर प्रशासन का कहना है कि कोई भी व्यक्ति 30 मिनट के अंदर बाबा का दर्शन कर सकता है।
सुरक्षा के व्यापक इंतजाम मेडिकल टीम भी तैनात: सोमवार को लाखों की संख्या में आने वाले शिवभक्तों और कांवरियों की सुरक्षा के लिए काशी विश्वनाथ मंदिर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था के चाक-चौबंद इंतजाम किए गए हैं। सभी इलाकों की ड्रोन से निगरानी की जा रही है।
गंगा नदी में स्नान के दौरान कोई अनहोनी न हो इसे ध्यान रखते हुए भक्तों की सुरक्षा हेतु एनडीआरएफ तथा जल पुलिस की तैनाती की गई है। समय-समय पर सुरक्षाकर्मी चक्रमण करते नजर आ रहे हैं।
रात से ही शिव भक्तों का लगा रेला: रविवार रात से ही श्री काशी विश्वनाथ धाम में दर्शन करने के लिए शिव भक्तों का आगमन प्रारंभ हो गया था। सुबह मंगला आरती के पहले लंबी लंबी कतार देखने को मिली। दौरान एसीपी दशाश्वमेध अवधेश पांडेय खुद भक्तों की सुरक्षा में तैनात नजर आए। उन्होंने भक्तों से कहा कि किसी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस से संपर्क किया जाए।












Click it and Unblock the Notifications