UP News: वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर एक युवक के बैग से 50 लाख बरामद, रूपए लेकर जा रहा था कोलकाता
वाराणसी के कैंट रेलवे स्टेशन पर तैनात राजकीय रेलवे पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। राजकीय रेलवे पुलिस ने वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 9 पर चेकिंग के दौरान एक युवक के बैग से 50 लाख रुपए नगदी बरामद किया है।
पकड़े गए युवक से पुलिस ने पूछताछ करते हुए कागजात मांगा तो युवक कोई कागजात नहीं दिखा सका। हालांकि पूछताछ में पता चला कि युवक रुपए लेकर कोलकाता जा रहा था और कोलकाता में किसी बड़े कारोबारी के यहां रुपए पहुंचाने थे।

उसके बाद राजकीय रेलवे पुलिस द्वारा आयकर विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई। सूचना देने के बाद आयकर विभाग की टीम रेलवे स्टेशन पर पहुंची और पकड़े गए युवक से रुपए के बारे में पूछताछ कर रही है।
इस बारे में जीआरपी इंस्पेक्टर हेमंत सिंह द्वारा बताया गया कि पुलिस टीम द्वारा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या 9 के पास चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से पता चला कि एक युवक भारी मात्रा में नगदी लेकर कोलकाता जाने वाला है।
थोड़ी ही देर में बैग लेकर एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस कर्मियों ने उसे रोकना चाहा तो वह भागने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिसकर्मियों ने उसे दौड़कर पकड़ लिया। पकड़ने के बाद उसके बैग की तलाशी ली गई तो बैग में भारी मात्रा में नगदी बरामद हुई।
गिनती करने पर पता चला कि 50 लाख रुपए हैं। टीम द्वारा पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह कोलकाता में एक आभूषण कारोबारी के यहां नौकरी करता है। उसने बताया कि उसके मालिक द्वारा ही उसे वाराणसी रुपए लाने के लिए भेजा गया था।
उसने यह भी कहा कि वाराणसी के चौक में एक व्यापारी के यहां से रुपए लेकर ट्रेन से कोलकाता जाने वाला था कि कैंट रेलवे स्टेशन पर उसे पकड़ लिया गया। फिलहाल पकड़े गए युवक से पूछताछ की जा रही है और व्यापारी से भी संपर्क किया जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications