Varanasi News: ऑटो से टकराई रोडवेज बस, एक युवक की मौत व आधा दर्जन घायल, घटनास्थल पर मची चीख-पुकार
वाराणसी जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक रोडवेज बस ने ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर के बाद एक युवक की मौत हो गई जबकि आधा दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं।

Varanasi जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक तेज रफ्तार की बस ने ऑटो को टक्कर मार दिया। टक्कर लगने के बाद ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार लोगों में एक युवक की मौत हो गई व आधा दर्जन घायल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद स्थानीय लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायलों को 108 एंबुलेंस के माध्यम से पिंडरा पीएचसी पर उपचार के लिए भिजवाए। बताया जा रहा है कि घटना के बाद रोडवेज बस चालक बस समेत फरार हो गया, वहीं पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।
जौनपुर में दर्शन करने जा रहे थे लोग
जानकारी अनुसार फूलपुर थाना क्षेत्र के मछली रोह गांव निवासी एक परिवार के लोग शुक्रवार सुबह ऑटो से जौनपुर जिले में स्थित धाम चौकिया में मां शीतला का दर्शन पूजन करने के लिए जा रहे थे। ऑटो सवार फूलपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत फूलपुर थाने से थोड़ी आगे बढ़े थे, इसी दौरान फूलपुर बाजार में जौनपुर की तरफ से वाराणसी आ रही तेज रफ्तार की एक रोडवेज बस ऑटो से टकरा गई। टक्कर लगने के बाद ऑटो असंतुलित हो गया और पलट गया। दुर्घटना के बाद ऑटो में सवार 17 वर्षीय सत्यम कुमार नामक युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं ऑटो में सवार करीब आधा दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोग ऑटो में फंसे लोगों को बाहर निकालने के साथ ही पुलिस और 108 एम्बुलेंस को सूचना दिया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची, घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा में भर्ती कराया गया जबकि मृतक का शव कब्जे में लेकर पुलिस कार्रवाई में जुटी है।
कुत्ते को बचाने के चक्कर में असंतुलित हुई बस
प्रत्यक्षदर्शियों की माने तो बस की रफ्तार थोड़ी अधिक थी और बस के सामने अचानक एक कुत्ता आ गया। कहा जा रहा है कि उसे कुत्ते को बचाने के चक्कर में बस ऑटो से टकरा गई। वहीं मौत की सूचना मिलने के बाद मृतक सत्यम के घर वाले घटनास्थल पर पहुंच गए। सत्यम की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और लोगों का रो रो कर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की जा रही है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका उपचार चल रहा है।
Recommended Video













Click it and Unblock the Notifications