पीएम मोदी काशी वासियों को देंगे 1812 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात
पीएम मोदी के 7 जुलाई को वाराणसी आगमन पर होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों को लेकर भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष ने की प्रेस वार्ता
वाराणसी,5 जुलाई : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 7 जुलाई को प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव ने सर्किट हाउस में मंगलवार को प्रेस वार्ता कर कार्यक्रम के बारे में जानकारी दिया। महेश चंद श्रीवास्तव ने बताया कि हाल ही में सम्पन्न हुए उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के बाद पीएम मोदी का यह पहला वाराणसी दौरा है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी जब भी काशी आते हैं तब वे काशीवासियों को सौगात देकर जाते हैं। इस बार भी पीएम मोदी काशी वासियों को 1812 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात देंगे जिसमें 591.54 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण एवं 1220.6 करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे।

प्रधानमंत्री दोपहर में पहुंचेंगे वाराणसी
क्षेत्रीय अध्यक्ष ने बताया कि पीएम मोदी का 7 जुलाई को दोपहर में वाराणसी आगमन होगा। सबसे पहले पीएम अर्दली बाजार स्थित एल.टी. कालेज जाएंगे जहां वे मिड डे मील किचन अक्षय पात्र का लोकार्पण करेंगे, इसके पश्चात पीएम सिगरा स्थित रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर में शिक्षाविदों से संवाद करेंगे। तत्पश्चात सिगरा स्थित डा. संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में जनसभा को संबोधित करेंगे और यहीं पर वे 1812 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण व शिलान्यास करेंगे। वाराणसी में करीब चार घंटे रहने के बाद पीएम मोदी वाराणसी एयरपोर्ट से प्रस्थान कर जायेंगे।
पीएम मोदी के मार्गदर्शन में हुआ है परियोजनाओं का चयन
क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव ने बताया कि इन परियोजनाओं का चयन, इनकी प्लानिंग और डिजाइनिंग पीएम मोदी के विशेष मार्ग दर्शन में हुई है। जिसमें स्पोर्ट्स, शिक्षा, स्मार्ट सिटी, डेवलपमेंट, जनकल्याण, रोड, ब्रिज इंफ्रास्टक्चर, सीवेज व वाटर सप्लाई इंफ्रास्टक्चर, पुलिस व्यवस्था, टुरिजम आदि हर एक श्रेणी के विकास की चिंता की गयी है। पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा काशी क्षेत्र के प्रवक्ता एवं मीडिया प्रभारी नवरतन राठी, क्षेत्रीय महामंत्री संतोष पटेल, महानगर अध्यक्ष विद्या सागर राय, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा,महानगर महामंत्री नवीन कपूर, जिला मंत्री शिवानंद राय,शैलेन्द्र मिश्रा, रौनक जायसवाल सहित अन्य भाजपा नेता भी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें - PM मोदी ने शेयर की एक बच्ची की दिल छू लेने वाली कहानी, बताया कैसे आधार कार्ड ने खोए हुए परिवार से मिलवाया












Click it and Unblock the Notifications