वाराणसी आ रहे हैं PM, मेहंदीगंज में किसानों को करेंगे संबोधित, Kisan Samman Nidhi की 17वीं किस्त करेंगे जारी
वाराणसी से तीसरी बार जीतने और तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज दो दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी आ रहे हैं। वाराणसी में रिंग रोड फेज दो के किनारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
शाम करीब 5 बजे जनसभा को संबोधित करने के साथ ही यहीं से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश भर के 9.60 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि की सौगात देंगे। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री 50 हजार किसानों के साथ संवाद भी करेंगे।

इसी कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 167 महिला किसानों को कृषि सखी की उपाधि देंगे और 10 किसानों को उन्नत खेती के मंत्र बताएंगे। यहां कार्यक्रम संपन्न हो जाने के बाद प्रधानमंत्री वायुसेना के हेलीकॉप्टर से वाराणसी पुलिस लाइन पहुंचेंगे।
वाराणसी के पुलिस लाइन में उतरने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पुलिस लाइन से वाराणसी के दशाश्वमेध घाट तक 8 किलोमीटर लंबा रोड शो करेंगे। दशाश्वमेध घाट पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर पूजा करेंगे। इसके अलावा श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर और काशी के कोतवाल काल भैरव मंदिर में भी पहुंचकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दर्शन पूजन करेंगे।
इससे पहले वाराणसी आगमन के दौरान राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, इसके अलावा एमपी के पूर्व सीएम और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान समेत कई अन्य मंत्री वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पीएम की अगवानी करेंगे। फिर प्रधानमंत्री के साथ ही कार्यक्रम में भी शामिल होंगे।
ढोल-नगाड़े और पुष्पवर्षा कर किया जाएगा स्वागत
तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने और वाराणसी से चुनाव जीतने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहली बार वाराणसी आ रहे हैं। ऐसे में वाराणसी में प्रधानमंत्री के भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं। कई जगहों पर प्रधानमंत्री के स्वागत में ढोल बजाए जाएंगे तो कई जगहों पर पुष्पावर्षा भी की जाएगी।
वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 8 किलोमीटर लंबे रोड शो को ध्यान में रखते हुए जगह-जगह विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा भारतीय जनता पार्टी के नेता कार्यकर्ता भी रोड शो के दौरान प्रधानमंत्री के काफिले पर पुष्पवर्षा करेंगे।
रात में रोप-वे प्रोजेक्ट का कर सकते हैं निरीक्षण
वाराणसी आगमन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब 15 घंटे वाराणसी में रहेंगे। रोड शो, दर्शन पूजन करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रात में वाराणसी में चल रहे रोप-वे प्रोजेक्ट का निरीक्षण करने के लिए भी जा सकते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बरेका गेस्ट हाउस में रात्रि विश्राम करने के बाद अगले दिन एयरपोर्ट से दिल्ली प्रस्थान कर जाएंगे।












Click it and Unblock the Notifications